प्रदेश कांग्रेस सचिव एडवोकेट तरुण पाठक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा आपदा राहत कार्यो के लिये 45 हजार करोड़ का एक विशेष पैकेज जारी करने को राज्य सरकार का एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा है कि यह निर्णय आपदा प्रभावित लोगों के लिये एक बहुत बड़ी सौगात सिद्ध होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने इस फैंसले से प्रदेश में लोगों का दिल जीत लिया है जिसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बधाई के पात्र हैं।
तरुण पाठक ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है कि प्रदेश में आपदा की इस घड़ी में वह केवल बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा के नेता राहत कार्यो में प्रदेश सरकार को कोई भी सहयोग नही कर रहें है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
तरुण पाठक ने कहा कि प्रदेश की विकट आर्थिक स्थिति के बाबजूद प्रदेश सरकार का यह राहत पैकेज जारी करना यह सिद्ध करता है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनहित को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार प्रदेश व देश के लोग आपदा राहत कोष में अंशदान दे रहें है वह बहुत ही सराहनीय है। इस आपदा कोष में देश के कई राज्यों ने भी अंशदान देकर प्रदेश को इस आपदा से उभारने में मदद की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता विशेष तौर पर प्रदेश के नेता इस आपदा में अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने का काम कर रहें है जबकि उनका आपदा राहत कोष में कोई विशेष योगदान अभी तक नही आया हैं।