Spread the love

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर देश के सैन्य बलों के पराक्रम का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सार्वजनिक मंचों से सैन्य अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणीया कर उनका अपमान कर रहें है। उन नेताओं पर न तो भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ही कोई कार्यवाही कर रहा है और न ही देश के प्रधानमंत्री उन नेताओं की जुबान पर कोई लगाम लगा रहें है।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए चेतन चौहान ने कहा कि कांग्रेस आतंकवाद के खिलाफ देश के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पर देश यह भी जानना चाहता है कि पाकिस्तान के साथ सीज फायर किन बिंदुओं पर हुआ है औरअमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प की इसमें क्या भूमिका रही है।
चेतन चौहान ने  कहा कि पहलगाम हमले में शहीद हुए लोगों का कोई भी अता पता सरकार ने देश को नही दिया है और न ही इस हमले के दोषी लोगों की कोई पुख्ता जानकारी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोगों को झूठ परोस कर इस पर राजनीति कर रही है।
चेतन चौहान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस हमले के बाद संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की थी,जिससे इस हमले में शहीद हुए नागरिकों व सेना के पराक्रम और जो इस ऑपरेशन में वीरगति को प्राप्त हुए उन्हें याद किया जाता पर प्रधानमंत्री ने आज दिन तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया। उन्होंने कहा कांग्रेस हमेशा से ही देश की एकता के साथ आतंकवाद के खिलाफ रही है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के लिये कांग्रेस अपने वीर सैन्य बलों का जयहिंद सभा के द्वारा सम्मानित कर रही है।
———————
चेतन चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर पर भाजपा का महिलाओं को सिंदूर बांटने के अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि यह देश की महिलाओं के आत्मसम्मान का अपमान है। कोई भी स्त्री अपने माथे पर किसी दूसरे के दिये सिंदूर को नही लगाती। यह हमारी परंपरा और धर्म के भी विपरीत है जो कदापि स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर लोगों की भावनाओं से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
———————  
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी विदित चौधरी ने इस दौरान कहा कि सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग रखी थी,जिससे इस हमले के पूरी जानकारी देश को मिल जाती। पर अफसोस की बात है कि सत्तारूढ़ विपक्ष की आवाज को पूरी तरह नजरअंदाज करता रहा है।
विदित चौधरी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी विफलताओं को छुपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि न तो पुलवामा का सच आज दिन तक देश के सामने आया है और न ही अभी तक पहलगाम हमले का। देश के प्रधानमंत्री देश की महिलाओं को सिंदूर बाटने व अपनी रगों में सिंदूर बहने की बात करते है जोकि बहुत ही हास्यास्पद है।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *