Spread the love

जंडौर,हिमशिखा न्यूज़।02/09/2022

उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में महिलाओं के कल्याण और उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि महिला मंडलों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने आज शुक्रवार को जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के जनडौर में महिला मंडलों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि यह बात कही। बिक्रम ठाकुर ने ग्राम पंचायत जनडौर, अमरोह, क़स्बा जागीर, हलेड़, बनेड़, खैरियाँ एवं अमलेहड़ के 30 महिला मंडलों को आवश्यक सामान वितरित किया।

जिनमें महिला मंडलों की मांग के अनुसार गद्दे, कुर्सियां, पेटियां, मैट, दरियां, बर्तन, पंखे आदि जरूरत की तमाम वस्तुएं बांटी गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं विभिन्न महिला मंडलों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों का निर्माण करके गांव व समाज को आत्मनिर्भर बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पकड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान में योगदान दें। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके कल्याणार्थ अनेक कारगर कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार हर महिला को 60 वर्ष की आयु से बिना किसी आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। प्रदेश में महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 फीसदी की छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन यात्रा करने वाली लगभग एक लाख 25 हजार महिलाओं को इस योजना से लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना पर प्रदेश सरकार लगभग 60 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष व्यय करेगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी, आशावर्कर सहित सभी विभागों में कार्य कर रहे पैरा वर्कर के मानदेय में प्रदेश भाजपा सरकार ने 900 रुपये से लेकर 4500 रुपये तक की बढ़ोतरी की है ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।   

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अन्तर्गत आर्थिक सहायता को 31000 रुपये से बढ़ाकर 51000 रुपये किया गया है। इसी प्रकार, बेटी है अनमोल योजना के अन्तर्गत आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 21000 रुपये किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं और मिड-डे मील कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ौतरी सुनिश्चित की गई है ताकि जमीनी स्तर पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले हजारों महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं के लाभ सुनिश्चित किए जा सके। 

उद्योग मंत्री ने कार्यक्रम उपरांत जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकतम का मौक़े पर निपटारा किया तथा शेष के समयबद्ध निवारण हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *