Spread the love

देहरा,हिमशिखा न्यूज़।08/10/2022 

जयराम सरकार ने दिया महिलाओं को उचित सम्मान : बिक्रम ठाकुर

प्रागपुर में 489 महिलाओं को गैस चूल्हे व 70 महिलाओं को बाँटी सिलाई मशीन

अप्पर भलवाल में 31 महिला मंडलों को वितरित किया उपयोगी सामान

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रत्येक योजना महिला के उत्थान एवं सम्मान हेतु बनायी है। जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रागपुर में महिलाओं को गैस चूल्हे व सिलाई मशीने वितरित करने हेतु आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने यह शब्द कहे। प्रागपुर लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में उद्योग मंत्री ने आज शनिवार को जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के 489 पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत मुफ़्त गैस चूल्हे वितरित किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला चूल्हा धूंआमुक्त राज्य बन गया है। प्रदेश के प्रत्येक घर में आज एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध हैं। साथ ही उद्योग विभाग द्वारा आईडीपीएच योजना के अंतर्गत 70 पात्र महिलाओं को सिलाई मशीन व टूल किट वितरित की। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इन महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा जिससे यह महिलाएँ स्वावलंबन की राह पकड़ेंगी।

उन्होंने कहा कि जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में गृहिणी सुविधा योजना के तहत सात हज़ार से अधिक परिवारों को निःशुल्क गैस उपलब्ध करवाया गया है।

इससे पूर्व उद्योग मंत्री ने ग्राम पंचायत अप्पर भलवाल में 12 पंचायतों से आये 31 महिला मंडलों को उपयोगी सामान वितरित किया।

जिनमें महिला मंडलों की मांग के अनुसार गद्दे, कुर्सियां, पेटियां, मैट, दरियां, बर्तन, पंखे आदि जरूरत की तमाम वस्तुएं बांटी गई। उद्योग मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समाजिक और अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के आयोजन में महिला मंडलों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस हेतु जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में उनके द्वारा महिला मंडलों को यह सामान वितरित किया जा रहा है। जिससे क्षेत्र में होने वाले सामाजिक कार्यक्रम एवं किसी गरीब के घर में होने वाले किसी समारोह में इस सामान का उपयोग हो सके।

उन्होंने कहा कि समाज की आधी आबादी महिलाओं की है। प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने महिलाओं को पंचायतों, नगर निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया था। इसके उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जो प्रदेश के लिये गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आज पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों में 50 प्रतिशत से अधिक महिलाएं विभिन्न पदों पर चुनकर आ रही हैं और अपने कार्य को बखूबी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकारों ने सदैव महिलाओं को उचित सम्मान दिया है।

उन्होंने  कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को राहत देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना और मुख्यमंत्री शगुन योजना जैसी दर्जनों कल्याणकारी योजनाओं ने जरूरतमंदों और गरीबों को हरसंभव राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को किराये में 50 प्रतिशत की रियायत दी गई है और घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से 14 लाख से अधिक ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू बिजली की खपत पर शून्य बिल आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बिल भी माफ किए हैं। 

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन में काफी वृद्धि की गई है और बिना आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने के लिए आयु सीमा को पहले 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया और अब इसे घटाकर 60 वर्ष कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर वर्तमान राज्य सरकार द्वारा 1300 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है, जबकि पिछली सरकार ने मात्र 400 करोड़ रुपये की राशि व्यय की थी। 

कार्यक्रम के बाद उद्योगमंत्री ने जनसमस्याओं को सुना और मौक़े पर उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त किया। इस अवसर पर ज़िला परिषद उपाध्यक्षा सनेह लता परमार, महिला मोर्चा ज़िला अध्यक्ष अनिता सेपहिया, महिला मोर्चा मंडलाध्यक्ष सत्या सूद, उपाध्यक्ष सुदेश कुमारी, महामंत्री वरिंदर ठाकुर, रूपिंदर डैनी, प्रबंधक डीआईसी ओंकार सिंह, खाद्य निरीक्षक लवनीत डोगरा सहित भारी संख्या में महिलाएँ उपस्थित रही।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *