पहली बार पंजाब का बजट दो लाख करोड़ पार; नहीं लगाया नया टैक्स, शिक्षा के लिए सबसे ज्यादा पैसा
पंजाब विधानसभा में आम आदमी पार्टी सरकार ने मंगलवार को साल 2024-25 के लिए दो लाख चार हजार 918 करोड़ का बजट पेश किया। पंजाब में पहली बार बजट दो लाख करोड़ से ज्यादा हुआ है। बजट भाषण में वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि उन्होंने खेती के लिए 13784 करोड़ का बजट रखा। स्कूली शिक्षा के लिए उन्होंने 16967 करोड़ का बजट रखा। इसके अलावा सीएम भगवंत मान ने खेतों व घरों में नहरी पानी के पहुंचाने की योजना के बारे में जानकारी सांझा की। खास बात है कि इस साल आप सरकार ने कोई भी नया टैक्स नहीं जोड़ा है। बजट पेश करते हुए वित्तमंत्री चीमा ने 13 फीसदी की विकास दर के बारे में बताया। वहीं, इस साल शिक्षा के लिए 11.5 फीसदी का बजट रिजर्व रखा गया है, जो तकरीबन 16987 करोड़ रुपए है।
तकनीकी शिक्षा के लिए 525 करोड़ और उच्च शिक्षा के लिए 80 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। स्पोट्र्स के लिए भगवंत मान सरकार 272 करोड़ रुपए खर्च करेगी। वहीं सेहत के लिए 5264 करोड़ रुपए रिजर्व रखे गए हैं। इसके अलावा सरकार इस साल सीएम तीर्थयात्रा योजना, महिलाओं के लिए फ्री बस योजना, किसानों के लिए मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं भी जारी रखेगी। इसी दौरान यह भी खुलासा हुआ कि पंजाब सरकार पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है। अब पंजाब सरकार पर 3.53 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज हो गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 30465 करोड़ ज्यादा है