Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़ 

हिमाचल प्रदेश राज्य तकनीकी कर्मचारी संघ  ने  शिमला  में धरना दिया। धरना प्रदेश अध्यक्ष दूनी चंद ठाकुर की अध्यक्षता में विद्युत भवन शिमला में हुआ। इसमें प्रदेश के सभी इकाइयों से तकनीकी कर्मचारी उपस्थित हुए। सभी इकाइयों के प्रधान व सचिवों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन के तकनीकी कर्मचारियों की मांगों को ना मानने पर कड़ा विरोध जताया। कहा कि अगर प्रबंधन तकनीकी कर्मचरियों की मांगों को नहीं मानता है तो प्रदेश के सभी तकनीकी कर्मचारी फिर से बिजली बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ धरना करेंगे व तब तक मुख्यालय को नहीं छोड़ेंगे, जब तक उन की मांगों को नहीं मान लिया जाता।दूनी चंद ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान प्रबंधक वर्ग सर्विस कमेटी की बैठक नहीं करवा पाया है, जो उनकी नाकामी को दर्शाता है व कर्मचारियों के प्रति उनकी मानसिकता को भी दर्शाता है। तकनीकी कर्मचारी रात-दिन लाखों उपभोक्ताओं  को सुचारू बिजली उपलब्ध करवा रहे हैं, उसके विपरीत मौजूदा प्रबंधन उनकी जायज मांगों को नहीं मान रहा, जिसके परिणामस्वरूप कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। तकनीकी कर्मचारी संघ तकनीकी कर्मचरियों की मांगों को मनवाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने बोर्ड प्रबंधन को चेताया कि वह तकनीकी कर्मचारियों की परीक्षा ना लें व उनकी मांगों को तुरंत मानकर उनके आदेश जारी करें, नहीं तो आने वाले समय में तकनीकी कर्मचारी संघ प्रदेश में एक बहुत बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी रणनीति आगामी पदाधिकारी बैठक में तय की जाएगी। यह बैठक शिमला में 27 जुलाई को रखी गई है। दूनी चंद ठाकुर ने प्रदेश सरकार से यह भी मांग की है कि बोर्ड में सेवा विस्तार की प्रथा को बंद किया जाए। इसके साथ ही तकनीकी कर्मचारी संघ ने बोर्ड के निजीकरण का भी विरोध किया है। 

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *