Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दो दिवसीय दौरे पर हिमाचल प्रदेश पहुंच गए है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नड्‌डा बिलासपुर जिले के लुहणू पहुंचे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस दौरान उनके साथ बिलासपुर पहुंचे। राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्रियों व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप समेत पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नड्डा का भव्य स्‍वागत किया।बता दें कि बिहार चुनाव में जीत के बाद नड्‌डा ने सबसे पहले हिमाचल प्रदेश का दौरा किया है। इस दौरान वे पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे, जिसमें उन्हें आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

क्या सरकारी ख़र्चे पर हो रहा है नड्डा का स्वागत, जानकारी दे सरकार

पूर्व कैबिनेट मंत्री और ऑल इंडिया कांग्रेस के सचिव सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का इस्तेमाल करने के आरोप लगाते हुए पूछा है कि एक तरफ तो सरकार के पास दैनिक कार्यों के लिए भी पैसे नहीं हैं और लोन पर लोन लिए जा रहे हैं। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर उड़नखटोले को ऐसे उड़ा रहे हैं, जैसे मुफ्त में ही चल रहा है। सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि वे 20 नवंबर को चंडीगढ़ क्या करने गए, जबकि वे बिलासपुर जा रहे थे।क्या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को चंडीगढ़ से सरकारी हेलीकॉप्टर में लाने के लिए ही वे चंडीगढ़ नहीं गए। क्या मुख्यमंत्री इतने फ्री हैं कि वे सरकारी हेलीकॉप्टर में उड़कर 20 नवंबर को चंडीगढ़ में हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी संजय टण्डन से मिलते हैं और फिर अगले दिन यानी शनिवार को नड्डा को लेने चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पहुंच जाते हैं। क्या मुख्यमंत्री के पास कोई काम नहीं है। अपने नाम की तरह मुख्यमंत्री को कहीं गलतफहमी तो नहीं हो गई है कि अब हिमाचल में राम राज्य आ गया है, इसलिए मजे करो।एक तरफ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर प्रदेश सरकार पर योजनाओं को जल्द पूरा न करने का आरोप लगा रहे हैं। दूसरी तरफ प्रदेश के राजस्व मंत्री इसके लिए केन्द्र को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। तीसरी तरफ प्रदेश के मुखिया इन सब से दूर हेलीकॉप्टर से ही नीचे नहीं आ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के बिलासपुर आगमन और उनके स्वागत पर हो रहे ख़र्चे को सार्वजनिक करने को कहा और पूछा कि क्या मुख्यमंत्री इस चौपर राईड का खर्चा खुद वहन करेंगें या भाजपा देगी या फिर सरकार।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *