शिमला,हिमशिखा न्यूज़ 06/05/2022
बारिश से शांत हुई वनों की आग -वन विभाग ने ली राहत की सांस
शिमला 06 मई । धू-धू करके जल रहे जंगल बारिश होने से शांत हो गए है जिससे वन विभाग ने राहत की सांस ली है । बता दें कि वन विभाग द्वारा पहली अप्रैल से 15 जुलाई तक हर वर्ष फायर सीजन घोषित किया जाता है जिसमंे आग से वनों की सुरक्षा करना सबसे विभाग का महत्वपूर्ण कार्य होता है । इसके बावजूद भी बीते एक माह के दौरान शिमला वन मंडल के अंतर्गत आगजनी के कुल 94 मामले आए जिनमें 872 हैक्टयर भूमि पर वन संपदा को नुकसान पहूंचा है । जिसकी पुष्टि डीएफओ शिमला मंडल कृष्ण कुमार ने की है ।
उन्होने बताया कि वन मंडल शिमला के अंतर्गत पांच रैंज भज्जी, धामी, टूटू, मशोबरा और कोटी आते हैं जिनमें देवदार, बान, मोहरू, चीड़, कायल के सर्वाधिक वन पाए गए हैं । फायर सीजन के दौरान कोटी रैंज के दो वन खंड जुन्गा और कोटी क्षेत्र में कुल 17 मामले आगजनी के आए जिनमें करीब 268 हैक्टेयर वन संपदा आग की भेंट चढ़ गई है । सर्वाधिक नुकसान नए रोपित किए गए पौधों को हुआ है ।
डीएफओ ने बताया कि विभाग द्वारा फायर सीजन के दौरान वनों के सरंक्षण के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है जिसमें स्थानीय स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है । इसके बावजूद भी शरारती तत्वों द्वारा जानबूझकर जंगलों में आग लगाई जाती है जिससे वन सपंदा के अतिरिक्त वन्य प्राणी भी आगजनी का शिकार हो जाते हैं । उन्होने लोगों से आग्रह किया है कि अभी फायर सीजन समाप्त नहीं हुआ है आगजनी की घटनाओं के प्रति सचेत रहे तथा असमाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए ।
