शिमला,हिमशिखा न्यूज़
हिमाचल प्रदेश में मौसम विशेषज्ञों ने सोमवार व मंगलवार को भारी हिमपात और बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व शिमला के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। जनजातीय जिला किन्नौर व लाहुल-स्पीति के लिए ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि दो दिन तक प्रदेश के निचले स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है। इससे प्रदेश में शीतलहर बढ़ेगी।रविवार को रोहतांग दर्रे में डेढ़ फीट ताजा हिमपात हुआ, जबकि अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर एक-एक फीट बर्फ गिरी। यातायात के लिए अटल टनल बंद हो गई है। शिमला जिले की चांशल घाटी में एक फीट हिमपात हुआ। लाहुल घाटी में अधिकतर सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। चंबा जिले के जोत में आधा फीट हिमपात होने से मार्ग वाहनों के लिए बंद हो गया है।
धुंधी में फंसे पर्यटकों के 82 वाहन पहुंचाए मनाली
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में फंसे करीब 300 पर्यटकों को कुल्लू पुलिस ने शनिवार आधी रात को बचा लिया। रात करीब एक बजे सभी पर्यटकों को सुरक्षित मनाली पहुंचाया गया। पर्यटकों के करीब 82 वाहनों को धुंधी से रविवार को लाया गया। जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड में पानी जम जाने से पेयजल आपूर्ति बाधित है।
कहां कितना रहा तापमान
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 5.9, 16.4
- सुंदरनगर, 6.6, 19.2
- भुंतर, 7.2, 17.7
- कल्पा, -0.6, 03.2
- धर्मशाला, 5.4, 11.2
- ऊना, 7.7, 21.6
- नाहन, 8.1, 19.3
- केलंग, -6.1, 0.4
- सोलन, 4.5, 19.0
- मनाली, 3.8, 9.0
- डलहौजी, -0.4, 6.6
- कुफरी, 3.1, 9.2