हरोली, हिमशिखा न्यूज़ 08/11/2022
सत्ता हासिल कर गरीबों को भूल जाती है भाजपा; प्रियंका बोलीं, यह लोगों के भविष्य का चुनाव
हरोली में बोलीं प्रियंका गांधी, यह प्रदेश के लोगों के भविष्य का चुनाव
सत्ता में आते ही ओपीएस सहित सभी 10 गारंटियों को पूरा करेंगे
अग्रिवीर योजना वीरभूमि के शूरवीरों व उनकी माताओं से धोखा
राजनीति में सेवा व समर्पण कांग्रेस के सिद्धांत रहे हैं, जबकि भाजपा का सिद्धांत किसी भी तरह सत्ता में बने रहना है। यह बात हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत कांगड़ गांव में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वढेरा ने कही। उन्होंने कहा कि सत्ता में आकर भाजपा गरीब व जरूरतमंद को भुला देती है और केवल बड़े-बड़े उद्योगपतियों की मदद करने में विश्वास रखती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह प्रदेश के लोगों के भविष्य का चुनाव है। जनता अपने हालात व सच्चाई से वाकिफ होकर मतदान करे। कांग्रेस को वोट दें व भाजपा को खदेड़ दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आते ही ओल्ड पेंशन सहित सभी 10 गारंटियों को अमलीजामा पहनाएगी। ओपीएस कर्मचारियों का जायज हक है। कांग्रेस शासित सभी प्रदेशों में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन दी गई है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद पहली मंत्रिमंडल बैठक में एक लाख नौकरियां भरने का निर्णय लिया जाएगा। भाजपा के पांच साल के शासन में 63 हजार पद सरकारी नौकरियों के खाली पड़े रहे।
भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने युवाओं के भविष्य के लिए कोई कदम नहीं उठाया। युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई चिंता भाजपा ने नहीं की। छोटे से हिमाचल प्रदेश में 30 लाख युवाओं की आबादी है, जिसमें 15 लाख युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के युवा शिक्षित हैं, उन्हें रोजगार की जरूरत है, लेकिन रोजगार की जगह उन्हें नशा परोसा जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में पांच लाख व राजस्थान में 1.30 लाख युवाओं को मौजूदा कार्यकाल में सरकारी नौकरियां दीं। प्रियंका ने अग्रिवीर योजना को युवाओं के साथ मजाक करार दिया। इसे वीरभूमि के शूरवीरों व उनकी माताओं से धोखा बताया। मोदी सरकार ने सेना को ठेके पर दे दिया। हिमाचल से पहले चार हजार युवा सेना में भर्ती होते थे, अब केवल 400 मुश्किल से भर्ती होंगे। इनमें से भी 75 प्रतिशत चार साल बाद वापस लौट आएंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का हिमाचल की जनता के साथ विश्वास का रिश्ता था।
हिमाचल के निर्माण व विकास के लिए प्रथम मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार ने काम किया। वहीं, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में शिक्षण संस्थानों का जाल बिछाकर प्रदेश को विकास की राह पर अग्रसर किया। ऊना जिला में ट्रिपल आईटी सहित अन्य बड़े संस्थान कांग्रेस शासन की देन हैं, जबकि प्रदेश का सबसे लंबा हरोली-रामपुर पुल कांग्रेस की विकास गाथा को दर्शाता है। कांग्रेस ने प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र बनाए हैं, जिनको और विकसित कर रोजगार के अवसर जुटाए जाएंगे। ऊना जिला में अध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी पग उठाए जाएंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर गारंटी को पूरा किया जाएगा। सबसे पहले कैबिनेट की मीटिंग में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने का निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही एक लाख युवाओं को रोजगार देने का निर्णय होगा। सरकार बनने पर तत्काल महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। (एचडीएम)
मुकेश अग्रिहोत्री बोले, प्रियंका जी ने अपना आशीर्वाद दे दिया, अब हमें कुछ नहीं चाहिए
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी के हरोली दौर से सबकी बोलती बंद हो गई है। जो लोग मुकेश अग्निहोत्री को खत्म करना चाहते थे, उन्हें जवाब मिल गया है। हरोली में आकर हमारी नेता प्रियंका गांधी ने आशीर्वाद दे दिया, अब हमें कुछ नहीं चाहिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहले राहुल गांधी ने आशीर्वाद देकर विधानसभा में विपक्ष के नेता पद की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे सरकार से बिना कोई सरकार से समझौता किए संघर्ष के साथ निभाया है।