शिमला,हिमशिखा न्यूज़।10/02/2023
हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय में दिनांक 09 व 10 फरवरी, 2023 को अधीनस्थ विधायन, मानव विकास तथा ग्रामीण नियोजन समितियों की बैठकों का अयोजन किया गया। इन बैठकों में समितियों द्वारा लिए गए
निर्णयों का विवरण इस प्रकार से है:-
अधीनस्थ विधान समिति की बैठकें सभापति, यादविन्द्र गोमा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें रीना कश्यप व भुवनेश्वर गौड़, पूर्ण चन्द ठाकुर, दलीप ठाकुर, सुरेश कुमार सदस्यों ने भाग लिया।उक्त समिति ने बैठकों में सदस्यों को समिति के आन्तरिक कार्य प्रणाली की प्रक्रिया के नियमों से अवगत
करवाया तथा लम्बित कार्यों की संवीक्षा की तथा जिन-जिन विभागों द्वारा नियम सृजित करने में विलम्ब किया जा रहा है उन्हे भी स्मरण पत्र जारी कर नियमों को शीघ्रातिशीघ्र सृजित करने के निर्देश दिये गये तथा इसके उपरान्त प्रदेश के उच्चतर शिक्षा विभाग के अधीन निजी विश्वविद्यालय के वार्षिक लेखा/लेखा प्रतिवेदनों को सभा पटल पर रखे जाने में हो रहे विलम्ब के कारणों को जानने हेतु आगामी बैठक में सचिव (शिक्षा) का मौखिक साक्ष्य करने का निर्णय लिया। मानव विकास समिति की बैठकें माननीय सभापति, राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इन बैठकों में विनोद कुमार, बलबीर सिंह वर्मा, रवि ठाकुर, रणवीर सिंह निक्का व मलेन्द्र राजन सदस्यों ने भाग लिया।
इन बैठकों में भी सदस्यों को समिति के आन्तरिक कार्य प्रणाली की प्रक्रिया के नियमों से अवगत करवाया तथा समिति ने वर्ष 2022-2023 के लम्बित कार्यों का अवलोकन किया तथा समिति ने सन्दर्भित विभागों से शीघ्रातिशीघ्र कार्रवाई करवाने के कड़े निर्देश भी दिए। जबकि ग्रामीण नियोजन समिति की बैठकें माननीय सभापति, इन्द्र इत्त लखनपाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इन बैठकों में सर्वश्री सुख राम चौधरी, नन्द लाल, दीप राज व चंद्र शेखर सदस्यों ने भाग लिया।समिति ने बैठकों में माननीय सदस्यों को समिति के आन्तरिक कार्य प्रणाली की प्रक्रिया के नियमों से अवगत करवाया तथा समिति के लम्बित कार्यों तथा विभिन्न विभागों द्वारा हिन्दी के कार्य करने बारे भी समीक्षा की तथा लम्बित विभागीय उत्तरों को समिति के समक्ष शीघ्रातिशीघ्र उपलब्ध करवाने हेतु भी निर्देश दिए ।