Spread the love

सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन द्वारा मलाही वन क्षेत्र में 175 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश। 

शिमला। हिमाचल प्रदेश वन विभाग के सहयोग से सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन द्वारावन महोत्सव–2026″ के अंतर्गत  ज़िला शिमला, ब्लॉक मशोबरा की ग्राम पंचायत पुजारली (बिओलिया) के मलाही वन क्षेत्र में रविवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। वन मित्र नितिका की उपस्थिति में आयोजित इस अभियान के दौरान वन क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के 175 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया गया।

अभियान में सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन के स्वयंसेवकों के साथ हिमगिरि कल्याण आश्रम के विद्यार्थियों, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों तथा वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने प्रायोजक के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक श्री घन श्याम ठाकुर ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर परिवार सहित पौधरोपण किया I

वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी के स्वयंसेवकों ने वृक्षारोपण के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया तथा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्र कर उनके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए संस्था द्वारा संचालित Solid Waste Management Plant ले जाने का कार्य किया। इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन का भी संदेश दिया।

इस अवसर पर सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन के निदेशक श्री डी. एन. चौहान ने कहा कि जंगली जानवरों द्वारा फसलों को हो रहे नुकसान के कारण किसान खेती छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं, जो भविष्य की खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे सामूहिक रूप से आसपास के वनों में स्थानीय फलदार एवं चारा प्रजातियों के पौधे लगाएँ, ताकि वन्य जीवों को जंगलों में ही पर्याप्त भोजन मिल सके और उनका खेतों की ओर रुख कम हो। उन्होंने यह भी कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी आवश्यक है, ताकि वे विकसित होकर पूर्ण वृक्ष बन सकें।

हिमगिरि कल्याण आश्रम के अध्यक्ष  धरम पाल  ने सर्वांगीण कृषि समाधान फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाना प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है तथा इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। आश्रम के सचिव अनुपम शर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान बच्चों के लिए एक उत्कृष्ट व्यावहारिक शिक्षण गतिविधि है, जिसके माध्यम से वे केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष अनुभव से पर्यावरण संरक्षण का महत्व सीखते हैं। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण को भी समान रूप से आवश्यक बताया।

यह आयोजन समाज, सरकारी विभागों, बैंकिंग संस्थानों एवं स्वयंसेवी संगठनों के समन्वित प्रयास का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रभावी संदेश देने में सफल रहा।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ