Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़

आशा वर्करों को करोना योद्धा का खिताब दे सरकार- बबलू पंडित

हिमाचल प्रदेश इंटक के प्रदेश अध्यक्ष व कांग्रेस नेता बबलू पंडित ने कहा कि प्रदेश की आशा वर्करों का कोरोना महामारी के दौरान बड़ा योगदान रहा है लेकिन प्रदेश सरकार आशा वर्करों की अनदेखी कर रही है जो सरासर गलत है। प्रदेश की हजारों आशा वर्करों ने कोरोना महामारी के दौरान घर घर जाकर कोरोना मरीजों का हालचाल पूछा है तथा उन्हें दवाइयां वितरित की हैं तथा सरकार द्वारा दी गई गाइडलाइन को लोगों तक पहुंचाया है। अपनी जान को जोखिम में डालकर कोरोना मरीजों के बीच घूमना कोई आसान काम नहीं है। जहां प्रदेश सरकार ने कई वर्गों को कोरोना योद्धा का खिताब दिया है तो वही करोना महामारी के दौरान सबसे ज्यादा काम करने वाली आशा वर्करों को सरकार ने मात्र निराश ही किया है। प्रदेश सरकार ने यहां तक सभी विभागों की वेतन बढ़ोतरी की है लेकिन आशा वर्करों की वेतन बढ़ोतरी भी ना हो सकी है। बबलू पंडित ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो करोना किट भाजपा के नेता जगह-जगह जाकर बांट रहे हैं यह कोरोना किट प्रदेश सरकार को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से आशा वर्कर को देनी चाहिए थी ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में कोरोना मरीजों को संजीवनी किट दे सकती लेकिन प्रदेश सरकार ने अपने नेताओं की राजनीति चमकाने के लिए संजीवनी किट अपने नेताओं के माध्यम से बांटने का कार्य शुरू कर दिया है। बबलू पंडित ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है कि आशा वर्करों के हितों को भी ध्यान में रखा जाए अन्यथा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आशा वर्करों को भी करोना योद्धा का दर्जा दिया जाए तथा वेतन की भी बढ़ोतरी की जाए।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ