शिमला,हिमशिखा न्यूज़ 22/01/2022
कोरोना संक्रमण के दिन-प्रतिदिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना की तीसरी लहर की चपेट में शिमला में कई कार्यालयों में सभी कर्मचारी कोरोना पाजिटिव आने से कार्यालयों को सील किया गया है। इनमें शिमला माल में स्थित मुख्य पोस्ट आफिस व इलाहबाद बैंक कार्यालयों में ताले लगे हुए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से कोविड नियमों का पालन करने के लिए सख्ती भी की जा रही है।
पोस्ट आफिस व बैंकों में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग काम करवाने आते-जाते रहते हैं। इसलिए यहां पर कोरोना संक्रमण फैलने की अधिक संभावना बनी रहती है जिसका असर इन कार्यालयों के बंद होने से दिख भी रहा है। पोस्ट आफिस व बैंकों के कर्मचारियों का सीधा संपर्क लोगों के साथ रहता है। ऐसे में इनके कोरोना पाजिटिव होने की ज्यादा आशंका बनी रहती है। लोग अपने पैसों के लेन-देन व पॉलिसियों के चक्कर में पहुंचते हैं।
गत सप्ताह राजधानी शिमला स्थित लक्कड़ बाजार चौकी में भी एक साथ तीन जवान कोरोना पाजिटिव आए थे, जिसके बाद चौकी को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया था। एसपी कार्यालय में भी कई जवान कोरोना पाजिटिव आ चुके हैं।
वहीं, पुलिस प्रशासन लोगों को जागरूक रहा है। शिमला पुलिस के जवान जगह-जगह लोगों को मास्क लगाने, सही तरीके से मास्क लगाने और शारीरिक दूरी नियमों का पालन करवाते नजर आ रहे हैं और लोगों से अपील की जा रही है कि प्रदेश सरकार की ओर से जारी कोरोना के दिशानिर्देशों का सही से पालन करें ताकि आम जनता को कोरोना संक्रमण से बचाया जा सके।
लोग नहीं कर रहे कोरोना नियमों का पालन
राजधानी शिमला में कोरोना संक्रमण के मामले बढऩे के बावजूद शहर के लोअर बाजार में खरीदारी के समय भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस दौरान लोग कोरोना संबंधी जारी दिशानिर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं। खरीदारी करने पहुंचे कुछ लोग मास्क को मात्र औपचारिकता के लिए पहन रहे हैं। इसके अलावा शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो पा रहा है, जिससे कोरोना संक्रमण के फैसले की और अधिक आशंका हो जाती है। लोगों में कोरोना को लेकर पहले जो थोड़ी बहुत गंभीरता थी वह अब पूरी तरह से खत्म हो गई है।