Spread the love

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के लोअर बसाल में 28 वर्षीय प्रवासी महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्याकांड के रहस्य को बेपर्दा करने में पुलिस जुट चुकी है। मृतक महिला की पहचान रेणु पत्नी राजू निवासी उत्तर प्रदेश के तौर पर की गई है।मृतक महिला पिछले करीब एक महीने से किराए के मकान में अकेली रह रही थी। वह रोजाना सुबह गांव में ही स्थित एक उद्योग में काम करने के लिए जाती थी। लेकिन मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने घर का गेट और दरवाजा खुला देखा। जिसके बाद पंचायत प्रधान को इसकी सूचना दी गई। प्रधान की मौजूदगी में कमरे में जाकर देखा, तो सबके होश उड़ गए। महिला का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था।

सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया, डीएसपी मोहन रावत व थाना प्रभारी सुनील सांख्यान टीम सहित मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले को लेकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की, जिससे पता चला कि महिला कुछ माह पहले ही लोअर बसाल में आई थी। महिला को इसके चाचा ने बसाल के ही एक उद्योग में खाना बनाने के लिए काम पर लगाया था। महिला का चाचा चंडीगढ़ में रहता है।

फ़िलहाल पुलिस के पास इस बात का जवाब नहीं है कि महिला का मर्डर किसने और क्यों किया। एएसपी संजीव भाटिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रवासी महिला के शव को कब्जे में लिया गया है। महिला की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। फ़िलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *