ऊना,हिमशिखा न्यूज़।17/05/2022
बोहरू-ओलिंडा सड़क पर खर्च हो रहे 16.31 करोड़ रुपएः वीरेंद्र कंवर
पशु पालन मंत्री ने चुलहड़ी में पशु अस्पताल का भी किया लोकार्पण,
कुटलैहड़ विस क्षेत्र के तहत बोहरू से ओलिंडा तक बनने वाली सड़क पर कुल 16.31 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं तथा इसका निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। इस सड़क के बनने से न केवल बोहरू, चुलहड़ी, तथा थड़ा इत्यादि ग्राम पंचायत के लोगों को लाभ होगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी यह सड़क कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत बोहरू में सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण कार्य पर 6 करोड रुपए पहले खर्च किए जा चुके हैं तथा अब 10.31 करोड़ रुपए की लागत से इसके निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा वीरेंद्र कंवर ने ग्राम पंचायत चुलहड़ी में पशु अस्पताल का लोकार्पण भी किया।