Spread the love

133 इन्फेंट्री बटालियन (टीए) ईको डोगरा ने आज विश्व पर्यावरण दिवस-2025 के अवसर पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में पौधरोपण किया। बटालियन द्वारा 3 से 5 जून तक कुफरी, तत्तापानी और औट में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक कचरा हटाने की मुहिम जागरूकता अभियान और जन सहभागिता जैसे अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बटालियन के अधिकारियों ने नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के महत्त्व पर व्याख्यान दिया। इसके उपरान्त, विद्यार्थियों, शिक्षकों और बटालियन के जवानों ने मिलकर सफाई अभियान चलाया और पौधरोपण किया। इसी प्रकार आईटीआई सुन्नी में ‘ए’ कम्पनी ने व्याख्यान, सफाई और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए, जिसमें संस्थान के शिक्षक और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

लार्जी में ‘बी’ कम्पनी में राजकीय माध्यमिक पाठशाला में एक विशेष पौधरोपण कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, महिला मंडल सदस्य और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों के लिए पर्यावरण जागरूकता पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति भी दी गई।

कुफरी के चीनी बंगला और हिमालयन नेचर पार्क में सैनिकों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पौधरोपण और सफाई अभियान चलाया। इसके अलावा बटालियन के मुख्यालय में रॉटरी क्लब के स्वयं सेवकों के लिए जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया। इसके उपरान्त युवाओं और बटालियन के जवानों ने एक मेगा वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।

इन सभी प्रयासों के माध्यम से 133 इन्फेंट्री बटालियन (टीए) ईको डोगरा ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया और प्रदेशवासियों को एक स्वच्छ, हरित हिमाचल बनाने में सहभागी बनने का संदेश दिया।इस अवसर पर 133 इन्फेंट्री टास्क बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर दीपक कुमार तथा बटालियन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने के लिए जागरूक किया।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *