Spread the love

भारतीय सेना में अग्निवीर स्कीम के तहत वर्ष 2025-26 के लिए हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर के युवाओं के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 12 मार्च 2025 से शुरू हो गई है। यह पंजीकरण प्रक्रिया 10 अप्रैल 2025 तक जारी रहेगी।

भर्ती कार्यालय शिमला के भर्ती निदेशक कर्नल पुष्विंदर कौर ने बताया कि सभी योग्य उम्मीदवारों को भारतीय सेना की विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि अग्निपथ योजना में भाग लेने के लिए उम्मीदवार की पात्रता तथा शर्तें वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। 2025-26 से उम्मीदवार पात्र दो ट्रेड्स के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए वेबसाइट में वीडियो लिंक हैं जिन्हें उम्मीदवार बदली हुई प्रक्रिया पंजीकरण कैसे करें और ऑनलाइन परीक्षा में कैसे उपस्थित हों समझने के लिए देख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोरकीपर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर टेक्निकल के लिए ऑनलाइन परीक्षा विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी। कर्नल पुष्विंदर कौर ने सेना भर्ती में भाग लेने के सभी इच्छुक उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे अपना पंजीकरण कराने से पहले सेना की वेबसाइट पर भर्ती के लिए पात्रता व अन्य शर्तों की जानकारी हासिल करें।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ