Spread the love

प्रतिष्ठित समाचार पत्र द इंडियन एक्सप्रेस ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को देश के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में स्थान दिया है। उन्हें यह सम्मान सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों और राज्य सरकार की ग्रीन ऊर्जा पहलों के लिए प्रदान किया गया है।
समाचार पत्र ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा देने की पहल की सराहना की है। इसके अलावा, दूध के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि, 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाली की और उनके नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में हुई वृद्धि को भी उल्लेखनीय उपलब्धियों के रूप में दर्शाया गया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी प्रशंसा की गई है। विशेष रूप से कांगड़ा जिले में प्रस्तावित 200 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना को उनकी दूरदर्शी सोच का उदाहरण बताया गया है।
समाचार पत्र ने खासतौर पर उल्लेख किया है कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचना ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की दृढ़ता और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। नशा माफिया पर कड़ी कार्रवाई करने की दिशा में उनकी सरकार की आगामी योजनाओं का भी जिक्र किया गया है।
इस सूची में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी सहित कई प्रमुख हस्तियों के नाम भी शामिल हैं।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *