Spread the love

शिमला

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन में आयोजित बॉर्डर एरिया यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर राज्यपाल ने नेहरू युवा कंेद्र संगठन की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं को सशक्त करने तथा उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं और उनकी ऊर्जा, विचार और सकारात्मक सहभागिता से देश का भविष्य तय होता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एक अनूठा मंच है जिसके माध्यम से न केवल सीमावर्ती क्षेत्र के युवा एकसाथ आते हैं बल्कि सांस्कृतिक दूरियां भी घटती हैं, जिससे एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक बल मिलता है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और सीमावर्ती राज्य होने के कारण सामरिक दृष्टि से भी एक विशेष स्थान है। प्रदेश के जवानों के अदम्य साहस और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बुलंद हौसलों के चलते राष्ट्र की सुरक्षा व अखंडता को बनाए रखने में इनका विशेष एवं अद्वितीय योगदान है।

राज्यपाल ने बताया कि इस तरह की पहल हमें प्रदेश के लोगों के बलिदानों व उनके संघर्षों को जानने का अवसर प्रदान करती है।शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि यह कार्यक्रम विभिन्न राज्यों से भाग लेने आए युवाओं के लिए एक अनूठा अवसर है जिसके माध्यम से वे चर्चाओं में भाग लेते हुए अपने अनुभवों को साझा कर सकते हैं तथा एक दूसरे से सीख सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में भाग ले रहे युवाओं को इस अनुभव का आनंद उठाते हुए नए दोस्त बनाने का आह्वान किया ताकि ‘अनेकता में एकता’ की भारतीय भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी युवा इस आयोजन से प्रेरणा पाकर शांति एवं प्रगति के संवाहक बनेंगे।राज्यपाल ने नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा युवाओं को सशक्त करने व उनमें राष्ट्र प्रेम की भावना का संचार करने के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों को भविष्य में भी जारी रखने की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि मादक पदार्थोंे के दुरुपयोग संबंधी जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से कार्यान्वित किया जाए।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दे पर बल देते हुए कहा कि भारत को नशामुक्त राष्ट्र बनाने की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रियता से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न प्रभावी जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजनों के माध्यम से नशे की समस्या से निपटने का आह्वान किया।हिमाचल प्रदेश नेहरू युवा केंद्र संगठन की निदेशक ईरा प्रभात ने इस अवसर राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें कार्यक्रम की जानकारी दी। नेहरू युवा केंद्र जिला शिमला की जिला युवा अधिकारी मनीषा शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने सक्रियता से भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा उपस्थित रहे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *