Spread the love

शिमला के निकट शोघी निवासी और जाने-माने उद्यमी लोकेंद्र मोहन चंदेल ने प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में आयोजित पवित्र महाकुंभ के प्रति श्रद्धाभाव व्यक्त करते हुए तीर्थ यात्रियों के भोजन की व्यवस्था के लिए 50.2 लाख रुपये दान किए हैं। उन्होंने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को चेक भेंट करते हुए इस उद्देश्य के लिए धनराशि जुटाने में सहयोग का आग्रह किया।

इसके अलावा, लोकेन्द्र मोहन चंदेल ने हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राहत कोष में 2.05 लाख रुपये और प्रधानमंत्री राहत कोष में भी 2.05 लाख रुपये भेंट किए। उन्होंने आज यहां राजभवन में राज्यपाल से एक शिष्टाचार भेंट के दौरान ये चेक सौंपे।

शिमला के समाजसेवी दीपक शर्मा और अखिल भारतीय शारश्वत परिषद् के उपाध्यक्ष गौरव शर्मा के साथ चंदेल ने 144 वर्ष में एक बार होने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन में सार्थक योगदान देने की इच्छा व्यक्त की।

राज्यपाल ने लोकेंद्र मोहन चंदेल की उदारता और समर्पण भाव की सराहना की और वैश्विक आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समागम के रूप में महाकुंभ के महत्व पर बल दिया। उन्होंने इस आयोजन को भारत की प्राचीन परंपराओं का प्रतिबिंब, सार्वभौमिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का प्रतीक बताया।

चंदेल के साथ शिमला के समाजसेवी दीपक शर्मा और अखिल भारतीय शारश्वत परिषद के अध्यक्ष गौरव शर्मा भी उपस्थित थे। राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *