राजस्थान में सात्विक ने जीती 30 किलोमीटर की कठिन साईकिल प्रतियोगिता
शिमला । राजस्थान के जयपुर में संपन हुई सैंडुरो एमटीबी साइकिल चैलेंज प्रतियोगिता मेें सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल संजौली शिमला के मेधावी छात्र सात्विक बस्ता ने प्रोफेशनल कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल करके विद्यालय और अपने माता पिता का नाम रोशन किया है । गौर रहे कि सैंडुरो एमटीबी साइकिल चैंलेंज प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 170 प्रतिभागियों ने भाग लिया । सात्विक बस्ता ने बताया कि 43 डिग्री की तेज धूप मेें 30 किलोमीटर लंबी कठिन साईकिल दौड़ तय करनी थी जिसमें अधिकांश रेतीली भूमि के अतिरिक्त हरा-भरी ग्रीन वैली और घने जंगल का इलाका शामिल था। उन्होने बताया कि यह प्रतियोगिता उन्होने जीवन के प्रथम चैलेंज के रूप में स्वीकार करते हुए मेहनत व लग्न से तय की जिससे इन्हें यह मुकाम हासिल हुआ ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज वर्मा ने सात्विक को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है । उन्होने कहा कि सात्विक विद्यालय का 9वीं कक्षा का एक होनहार छात्र है जोकि पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेता है जोकि सात्विक की अपार मेहनत, समर्पण और कौशल का प्रमाण है। सात्विक के पिता डॉ0 जयपाल बास्ता पशुपालन विभाग में वरिष्ठ चिकित्सक के रूप में सेवारत है । डॉ0 जयपाल बास्ता ने बताया कि उन्हें बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व है ।