पठानकोट,हिमशिखा न्यूज़ 20/12/2021
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी की ओर से सोमवार से पंजाब में जालंधर-पठानकोट रेल मार्ग पर टांडा उड़मुड़ रेल ट्रैक पर धरना देकर ट्रेनें रोकी गई। रेलवे ट्रैक पर किसानों के बैठ जाने के कारण सोमवार दोपहर बाद जम्मू, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और उधमपुर रेलवे स्टेशन से चलने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस व पूजा एक्सप्रेस सहित 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। जो रेलगाड़ियां जम्मू से रवाना हो गई थी। अचानक से रेलगाड़ियों के रद होने से यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई रेलयात्रियों को बीच रास्ते ही उतरना पड़ गया। जबकि कुछ रूट डायवर्ट किए हैं। कुछ जगहाें पर ट्रेनों को टर्मिनेट और शार्ट टर्मिनेट भी किया गया है। किसानों के धरने के चलते जम्मू जालंधर रेल सेक्शन पूरी तरह रेल यातायात के लिए बाधित कर दिया है। उत्तर रेलवे की ओर से जारी आदेश के तहत सोमवार को रद हुई रेलगाड़ियों में जम्मू से वाराणसी जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस, जम्मू से अजमेर के बीच चलने वाली पूजा एक्सप्रेस, जम्मू से दिल्ली के बीच चलने वाली दुरंतो एक्सप्रेस, जम्मू से कोलकाता के बीच चलने वाली जम्मू कोलकत्ता एक्सप्रेस, जम्मू से अहमदाबाद के बीच चलने वाली एक्सप्रेस रेलगाड़ी, जम्मू से नई दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस, जम्मू से जैसलमेर के बीच चलने वाली शालीमार एक्सप्रेस, जम्मू से हावड़ा के बीच चलने वाली एक्सप्रेस, जम्मू से पुणे के बीच चलने वाली झेलम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया । जबकि इसी प्रकार श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से चलने वाली छह रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है। इन रेलगाड़ियों में कटड़ा से दिल्ली के बीच चलने वाली जम्मू मेल, कटड़ा से दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत, कटड़ा से ऋषिकेश के बीच चलने वाली हेमकुंड, कटड़ा से दिल्ली के बीच चलने वाली श्री शक्ति एक्सप्रेस, कटड़ा से ईरोड़ जंक्शन के बीच चलने वाली हिमसागर एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। उधर, उधमपुर से भावनगर के बीच चलने वाली जन्मभूमि एक्सप्रेस को भी रद कर दिया गया है। जबकि मालवा एक्सप्रेस को पठानकोट कैंट श्री माता वैष्णो देवी कटडा- हापा को कठुआ में रोक दिया गया। अचानक ट्रेनें रद्द होने के कारण यात्रियो को ठंड के मौसम में ट्रेनों का इंतजार करना पडा लेकिन सायं तक ट्रेनें न चलने के कारण पठानकोट कैंट से जम्मू व दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को प्राईवेट वाहनों पर ज्यादा पैसे खर्च कर सफर करना पडा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनें रद्द होने संबंधी उनकी ओर से डिस्पले बोर्ड व अनाऊसमेंट करवा कर सूचित कर दिया गया है तथा इसके साथ ही जो ट्रेनें रद्द की गई है उनका यात्रियों को रिफंड दे दिया गया है।