Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़।23/05/2022 

अघोषित बिजली कट से जुन्गा क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों के लोग परेशान  

अघोषित बिजली कट से जुन्गा क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों के लोग परेशान  
मशोबरा ब्लाॅक की  करीब आधा दर्जन पंचायतें बिजली के अघोषित कट लगने से बहुत परेशान है । बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते इस क्षेत्र में घंटो बिजली गुल हो रही है । आलम यह है कि बोर्ड के पास विशेषकर तीन पंचायतों सतलाई, बलोग और पीरन में फ्यूज लगाने के लिए कर्मचारी भी उपलब्ध नहीं है । नतीजन यदि सांय को जब फ्यूज उड़ जाता है तो अगले दिन 11 बजे से पहले नहीं पाता है ।  क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि बोर्ड लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने में असफल हो चुका है । बता दें कि  कोटी नीन में हल्की हवाएं चलने से बिजली लाईनों में खराबी आने से पूरे क्षेत्र में ब्लैक आॅउट हो जाता है । बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी बीते पांच वर्षों से प्रतिदिन कोटी नीन की लाईनों को दुरूस्त करने में लगे है परंतु इस समस्या का आजतक स्थायी समाधान नहीं ढूंढ पाए है ।किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ0 कुलदीप तंवर, जिला भाजपा सदस्य प्रीतम ठाकुर , कसुपंटी कांग्रेस के उपाध्यक्ष दयाराम वर्मा, सतलाई पंचायत के उप प्रधान नेत्र सिंह ने कहा है कि कोटी फीडर में बार बार फाल्ट पड़ रहे है जिसका स्थायी समाधान ढूंढने के लिए सक्षम अधिकारी को तैनात किया जाए ताकि लोगों को इस समस्या से निजात पा सके । इनका कहना है कि क्षेत्र के लोगों का एक प्रतिनिधि मंडल शीघ्र ही ऊर्जा मंत्री सुखराम चैधरी से भेंट करेगा और बीते पांच वर्षों से पेश आ रही विद्युत समस्या बारे अवगत करवाया जाएगा  । इनका कहना है कि बीेते करीब 30 वर्षों से इस क्षेत्र में राजगढ़ फीडर से बिजली की सप्लाई हुआ करती थी । वर्ष 2017 में इसे शिमला फीडर के साथ जोड़ने के उपरांत यह समस्या उत्पन्न हुई है । प्रीतम ठाकुर का कहना है कि किसानों ने सिंचाई के लिए अपनी निजी लिफ्टें लगाई है जोकि बिना बिजली के बंद पड़ी है। अधीशासी अभियंता विद्युत मंडल शिमला प्रताप चंदोली ने बताया कि इस क्षेत्र में पेश आ रही बिजली की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा ।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ