शिमला,हिमशिखा न्यूज़।30/06/2022
अखिल भारतीय प्रवासी हिमाचली संयुक्त मोर्चा का वार्षिक समारोह 03 जुलाई,2022 को चण्डीगढ़ के मुनि मन्दिर में आयोजित किया जाएगा
जिसमें महिला सशक्तिकरण, चिकित्सा, शिक्षा, समाज सेवा, साहित्य, शास्त्रीय एवं लोक संगीत,कला एवं संस्कृति तथा क्रीड़ा आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हिमाचल महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष अंबिका सूद होंगी।सभा के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि अखिल भारतीय प्रवासी हिमाचली सभा के साथ चण्डीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली तथा मुम्बई में कार्यरत हिमाचल जनहित सभाएं जुड़ी हुई हैं इन राज्यों में हिमाचल के प्रवासी लोग विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं में कार्य करने के अतिरिक्त अपने उद्योग धन्धों एवं व्यवसायों से जुड़े हुए हैं। संस्था के लोग समय-समय एकत्रित होकर समारोह का आयोजन करते हैं जिनसे आपसी भाईचारा एवं एकता की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि हिमाचली संस्था समयसमय पर हिमाचली के लोगों के कल्याण तथा गरीब लोगों के लिए शिक्षा तथा चिकित्सा सहायता सहायता प्रदान करने का कार्य करती है।राजेश ठाकुर ने बताया कि इस वार्षिक समारोह में सम्मानित होने वाली हिमाचल की छः विभूतियों में महिला सशक्तिकरण के लिए अंबिका सूद, साहित्य के क्षेत्र में डा. हेमराज कौशिक, साहित्य एवं लोक संगीत के लिए डा. के.एल. सहगल, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में ओमप्रकाश सुजानपुरी, पत्रकारिता के लिए जीतेन्द्र अवस्थी तथा समाज सेवा के लिए विजय सरोच को चयनित किया गया हैसमारोह में प्रख्यात समाज सेवक एवं महंत मुनि महाराज, चण्डीगढ़ के वरिष्ठ सर्जन अशोक अत्री,दिल्ली के प्रसिद्ध समाज सेवक सतीश बेदी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात साहित्यकार राजेन्द्र राजन भी उपस्थित रहेंगेइस अवसर पर हिमाचल की 20 विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।