Spread the love

शिमला, हिमशिखा न्यूज़ 

चंडीगढ़ शिफ्ट कोरोना संक्रमित शांता कुमार की तबीयत स्टेबल, समर्थकों ने की उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना

 समर्थकों ने की उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना                                                       
कोरोना से संक्रमित हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को बुधवार दोपहर को तबीयत बिगडने के बाद फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती किया गया है। फोर्टिस अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि शांता कुमार की तबीयत स्टेबल है और उनका कोरोना प्रोटोकाल के तहत इलाज किया जा रहा है। इससे पहले शांता कुमार व उनके बेटे बिक्रम शर्मा को फोर्टिस अस्पताल चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह शांता कुमार की तबीयत कुछ खराब हो गई। उन्हें घबराहट महसूस हो रही थी। इसके बाद उन्हें ऑक्सीजन लगाकर आगामी उपचार के लिए चंडीगढ़ भेजा गया । शांता कुमार के बेटे बिक्रम शमार् भी उनके साथ ही चंडीगढ़ रवाना हुए हैं। इसके अलावा विवेकानंद अस्पताल पालमपुर से उनकी देखरेख के लिए डाक्टर भी साथ गए। उधर, सीएमओ कांगड़ा डा. गुरदर्शन शर्मा ने बताया कि शांता कुमार आगामी उपचार फोर्टिस अस्पताल चंडीगढ़ में करवाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत में पहले से सुधार है।

 उन्होंने कहा कि शांता कुमार की तबीयत ठीक है और वह स्वेच्छा से चंडीगढ़ शिफ्ट हुए हैं। उन्हें सुबह हल्का बुखार महसूस हो रहा था। शांता कुमार को सुबह बुखार व जुकाम भी था। चिकित्सकों की टीम उनकी कड़ी निगरानी कर रही है। सफर में उन्हें कोई तकलीफ न हो ,इसके लिए उन्हें ऑक्सीजन लगाई गई थी। गौरतलब है कि शांता कुमार बीते दिनों परिवार समेत कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनकी पत्नी का मंगलवार को संक्रमण से निधन हो गया था। शांता कुमार में पहले कोरोना वायरस के लक्षण नहीं थे, लेकिन बुधवार सुबह से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। उधर, शांता कुमार की सेहत का समाचार मिलने के बाद उनके समर्थकों व शुभचिंतकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर प्रार्थनाएं शुरू कर दी है। शांता के स्वास्थ्य को लेकर भाजपा ही नहीं, विपक्षी दल के नेता व कार्यकर्ता भी चिंता जताते दिखे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ