Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़।04/01/2023 

मुख्यमंत्री ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के धर्मशाला से राज्य स्तरीय हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह और अन्य कांग्रेस के नेता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सफल भारत जोड़ो यात्रा का विस्तारित रूप है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे राज्य में 26 जनवरी, 2023 से शुरू होगा और दो माह तक गांव और खण्ड स्तर तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत हर गांव में कम से कम एक बैठक सुनिश्चित की जाएगी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस अभियान को विस्तृत रूप से प्रचारित करने के लिए आउटडोर विज्ञापन की रणनीति बनाई जाए और इसके प्रचार में इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया को भी व्यापक रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाये जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इस महीने की 19 तारीख को हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ श्रीनगर में समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया यह विशाल अभियान देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में बहुत मद्दगार साबित हुआ है।
इस अवसर पर सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने इस अभियान के दौरान नियोजित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विधायक कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल, केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान सहित अन्य विधायक एवं कांग्रेस के नेता भी उपस्थित थे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *