Spread the love

करसोग,हिमशिखा न्यूज़ 15/01/2023

करसोग के पूर्व MLA मनसा राम का निधन:IGMC में ली अंतिम सांस; किडनी फेलियर के कारण एक महीने से थे उपचाराधीन

हिमाचल के मंडी जिले के करसोग से पांच बार के विधायक एवं तीन बार के मंत्री मनसा राम का आज निधन हो गया है। उन्होंने IGMC शिमला में अंतिम सांस ली। IGMC के MS डॉ. राहुल राव ने इसकी पुष्टि की है।

मनसा राम काफी समय से किडनी फेलियर की समस्या से जूझ रहे थे और एक महीने से IGMC में उपचाराधीन थे। MS ने बताया कि पूर्व मंत्री के शव को देर शाम तक उनके पेतृक गांव ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार कल होगा।

1967 में पहली बार विधानसभा पहुंचे मनसा राम

मनसाराम ने पहली बार 1967 में निर्दलीय चुनाव लड़ा और 25 साल की उम्र में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। तब उन्होंने सबसे कम उम्र में विधायक बनने का कीर्तिमान बनाया। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हुए। अगला चुनाव उन्होंने 1972 में कांग्रेस से लड़ा और दूसरी बार विधानसभा पहुंचे।

डॉ. परमार कैबिनेट में 31 साल में मंत्री बने

हिमाचल निर्माता डा. वाईएस परमार के नेतृत्व वाली सरकार में मनसाराम 31 साल की आयु में कैबिनेट मंत्री बने। तब उन्हें वन विभाग का दायित्व सौंपा गया। वर्ष 1982 में उन्होंने एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ा और जीत गए।

1998 में हिविंका से चुनाव जीते, धूमल सरकार में मंत्री बने

वर्ष 1998 में उन्होंने हिमाचल विकास कांग्रेस (हिविकां) के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। आखिरी व पांचवी बार वह 2012 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। तब उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मुख्य संसदीय सचिव (CPS) बनाया।

मनसाराम हिमाचल में डॉ. यशवंत सिंह परमार, राम लाल ठाकुर, प्रेम कुमार धूमल और वीरभद्र सरकार में मंत्री व CPS रहे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *