कागडा़,हिमशिखा न्यूज़ 06/02/2023
ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नीति बनाई जाएगी : चन्द्र कुमार
बेसहारा पशुओं को सहारा देने के लिए प्रदेश के मंदिरों से जोड़ा जाएगा
कृषि एवं पशुपालन मंत्री चन्द्र कुमार ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को ऑर्गेनिक खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए कृषि विशेषज्ञों के साथ बैठक कर नीति बनाई जाएगी। चन्द्र कुमार सोमवार को नगरोटा सूरियां लोकनिर्माण विश्रामगृह में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
चन्द्र कुमार ने कहा कि युवा पीढ़ी पारम्परिक खेती करने से पीछे हटती जा रही है, जबकि प्राकृतिक खेती को ऑर्गेनिक खेती से जोड़ कर किसान अपनी आर्थिकी को सुधार सकता है, वहीं युवाओं को सरकारी नौकरियों की तरफ भागने की बजाए ऑर्गेनिक खेती में स्वरोजगार से अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि किसानों को खेती की तरफ रुचि पैदा करने के लिए नीति बनाई जाएगी। अच्छी पैदावार के लिए उन्नत बीजों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए कृषि विभाग को आदेश दिए गए है कि वह किसानों को घरद्वार उत्तम बीज उपलब्ध करवाएं। किसानों को तिलहन व दलहन की प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग के विशेषज्ञ किसानों की जमीन का मुआयना कर प्रेरित करेंगे।
उन्होंने कहा कि पशुधन को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रत्येक पशुपालक परिवार से रोजाना दस लीटर दूध खरीदेगी, जिसमें गाय का दूध 80 रुपये प्रतिलीटर व भैंस का दूध 100 रुपये प्रतिलीटर खरीदा जाएगा, ताकि प्रदेश में पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ डेयरी फॉर्मिंग को भी बढ़ावा मिलेगा और पशुपालक अच्छी नस्ल के पशु पालेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेसहारा पशुओं को सहारा देने के लिए मंदिरों के साथ जोड़ कर कारगर नीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मंदिरों के नाम काफी खुली जमीन है और बेसहारा पशुओं को उस जमीन में आशियाने बना कर सहारा प्रदान करने की योजना बनाई जा रही है।