Spread the love

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने विद्यार्थियों से खुद पर विश्वास करने, असीमित सपने देखने और सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल अवसरों का लाभ उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी आंतरिक शक्ति और क्षमता को साकार करने के बारे में है।

राज्यपाल आज सेंट बीड्स कॉलेज, शिमला द्वारा आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘सिम्फोरिया 2025’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं है बल्कि प्रतिभा, रचनात्मकता और सशक्तिकरण का उत्सव है जो इस शैक्षणिक संस्थान की गौरवशाली विरासत को दर्शाता है। वर्ष 1904 में अपनी स्थापना के बाद महिला शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेंट बीड्स कॉलेज की सराहना करते हुए राज्यपाल ने इसे उत्तर भारत में शिक्षा और प्रगतिशील विचारों का एक प्रकाश स्तंभ बताया। उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ छात्राओं में चरित्र, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए कॉलेज प्रशासन की सराहना की।

सिम्फोरिया 2025 के प्रमुख विषयों जैसे लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण जागरूकता, भारतीय ज्ञान प्रणाली और संस्कृति एवं विविधता पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के बिना कोई भी समाज प्रगति नहीं कर सकता, जबकि पर्यावरण जागरूकता और भारतीय ज्ञान प्रणाली सतत विकास और सांस्कृतिक पहचान की नींव रखते हैं।

श्री शुक्ल ने कहा कि युवा महिलाएं आधुनिक भारत की नई पहचान का प्रतिनिधित्व करती हैं। उनकी ऊर्जा, रचनात्मकता और दूरदर्शिता राष्ट्र के भविष्य को आकार देगी। महिला क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर ने इस जीत में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई और राज्य का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि चाहे खेल हो, शिक्षा हो या सशस्त्र बल, हिमाचल की बेटियां आगे बढ़कर नेतृत्व कर रही हैं और हमें उन पर बहुत नाज है।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी अवलोकन किया और उनकी सराहना की।

कॉलेज की प्रधानाचार्या सिस्टर रोज़ली ने राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें सिम्फोरिया 2025 की विस्तृत जानकारी दी।

राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी, संकाय सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ