Spread the love

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि लोकसभा चुनावों के परिणामों से भाजपा को ज्यादा खुश होने की जरूरत नही है। उनका 400 पार का नारा देश के लोगों ने पूरी तरह ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में लोकसभा की चारों सीटों पर भले ही कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है पर विधानसभा के उप चुनावों में कांग्रेस को छह में से चार सीटों पर जीत हासिल हुई है इससे साफ है कि प्रदेश के लोग कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े है।

प्रतिभा सिंह ने कहा है कि लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि है और कांग्रेस इसका पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत में है और पूरी मजबूती के साथ अपना कार्यकाल पूरा करेगी।

प्रतिभा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान को पूरी तरह हास्यास्पद बताया है जिसमें वह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से त्यागपत्र की मांग कर रहें है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उनके कार्यकाल में कांग्रेस ने मण्डी संसदीय उप चुनाव के साथ तीन विधानसभा उप चुनावों में भाजपा को 4-0 से करारी शिकस्त दी थी तो उस समय उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र क्यो नही दिया था। उन्होंने कहा कि नैतिकता का पाठ जयराम ठाकुर के मुंह से अच्छा नही लगता क्योंकि नैतिकता भाजपा के पास है ही नही। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के लोगों ने दलबदल व धनबल को पूरी तरह ठुकरा दिया है।

प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से न तो निराश होने और न ही अपने मनोबल में कोई भी कमी न लाने का आह्वान करते हुए कहा है कि उन्हें आगामी 3 विधानसभा उप चुनावों में पार्टी की जीत के लिये अभी से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और उन्हें पूरे उत्साह के साथ प्रदेश कांग्रेस सरकार की लोकप्रिय नीतियों व जनहित के निर्णयों के साथ लोगों के बीच जाना है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह आज नई दिल्ली को रवाना हो गई कहां वह 8 जून को होने वाली अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगी। इस दौरन वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मिलेंगी।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *