Spread the love

“घर का भेदी लंका ढाए” — एआई समिट पर राजनीति कर कांग्रेस ने देश की छवि धूमिल की: बलबीर वर्मा

“खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” — देश की उपलब्धियों से बौखलाई कांग्रेस कर रही सस्ती राजनीति

शिमला: भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक बलबीर वर्मा ने शिमला में एआई समिट को लेकर युवा कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने का प्रयास किया गया, जो उस नेता के खिलाफ किया गया है जिसने भारत को विश्व पटल पर नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।

वर्मा ने कहा कि आज एआई समिट के कारण भारत की उपलब्धियों की चर्चा देश-विदेश में हो रही है और पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता की सराहना कर रहा है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को “न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी” वाली मानसिकता में ही राजनीति करनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश का नाम रोशन हो रहा है, तब कांग्रेस “घर का भेदी लंका ढाए” की तरह देश की छवि खराब करने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस नेताओं की भाषा मर्यादा की सभी सीमाएँ लांघ चुकी है और उनके शब्दों पर कोई लगाम नहीं रही। यह स्पष्ट दर्शाता है कि कांग्रेस अब एक संगठित राजनीतिक दल नहीं, बल्कि निर्देशों पर चलने वाली ऐसी व्यवस्था बन गई है जो सिर्फ विरोध के लिए विरोध करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का यह आचरण “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” वाली स्थिति को दर्शाता है।

बलबीर वर्मा ने कहा कि जिस प्रकार का प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के दौरान किया, वह लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है और देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस द्वारा किया गया यह धरना-प्रदर्शन देशहित में नहीं बल्कि केवल राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर ऐसे कृत्यों का जवाब अवश्य देगी।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *