Spread the love

हिमाचल प्रदेश के नामोद्दिष्ट राज्यपाल श्री कविन्द्र गुप्ता का जीवन परिचय
कविंद्र गुप्ता का जन्म 2 दिसम्बर 1959 को जम्मू में हुआ। वे सार्वजनिक जीवन और प्रशासन में चार दशकों से अधिक के अनुभव के साथ एक कुशल जननेता एवं प्रशासक हैं। उनके पिता केंद्र सरकार के डाक विभाग में कार्यरत थे। सन् 1963 में परिवार संगरूर, पंजाब में स्थानांतरित हो गया, जहाँ श्री कविंद्र गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा हुई। इसके पश्चात उन्होंने फिरोजपुर और गुरदासपुर में अध्ययन किया तथा सन् 1979 में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, गुरदासपुर, पंजाब से स्नातक की उपाधि प्राप्त की।
1970 के दशक के प्रारंभ में श्री कविंद्र गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े, जो उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन का आरंभ था। आपातकाल (1975-1977) के दौरान उन्हें RSS के वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरदासपुर और पटियाला जेल में कारावास भोगना पड़ा, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सन् 1978 से 1979 तक उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पंजाब इकाई के सचिव के रूप में कार्य किया।सन् 1988 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा, जम्मू-कश्मीर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। तत्पश्चात सन् 1993 से 1998 तक उन्होंने BJYM, जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपने संगठनात्मक नेतृत्व का विस्तार किया।
श्री कविंद्र गुप्ता का निर्वाचित शासन में प्रवेश नगर निकाय स्तर से हुआ। वे जम्मू नगर निगम ¼JMC½ के प्रथम महापौर निर्वाचित हुए और उन्होंने लगातार तीन कार्यकालों (2005-2010) तक इस पद पर सेवा की। इस अवधि में उन्होंने नागरिक सुधार, स्वच्छता और शहरी अवसंरचना विकास पर ध्यान केंद्रित किया तथा प्रभावी जनहितकारी शासन के लिए विशेष पहचान अर्जित की।
सन् 2014 में श्री कविंद्र गुप्ता गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक निर्वाचित हुए। 18 मार्च 2015 को वे जम्मू-कश्मीर विधान सभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए और इस पद को धारण करने वाले प्रथम BJP नेता बने। तत्पश्चात 30 अप्रैल 2018 को उन्हें जम्मू-कश्मीर का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।
14 जुलाई 2025 को श्री कविंद्र गुप्ता को भारत की माननीया राष्ट्रपति द्वारा लद्दाख का उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया और वे इस केंद्र शासित प्रदेश के तृतीय उप-राज्यपाल बने। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अवसंरचना विकास, शिक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन तथा सतत, समावेशी एवं पारदर्शी शासन पर ध्यान केंद्रित किया, साथ ही लद्दाख की अनूठी सांस्कृतिक एवं पारिस्थितिक विरासत के संरक्षण को सुनिश्चित किया।
5 मार्च 2026 को श्री कविंद्र गुप्ता को भारत की माननीया राष्ट्रपति द्वारा हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *