Spread the love

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश आज भी पूरे समाज का पथप्रदर्शक : जयराम ठाकुर

शिमला। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से लाई गई पावन मिट्टी से सुशोभित राष्ट्रीय कलश यात्रा का शिमला में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्वयं पावन कलश को अपने कंधों पर उठाया और कृष्णनगर स्थित वाल्मीकि मंदिर तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता का जो अमर संदेश दिया, वह आज भी समाज को दिशा देने वाला प्रकाश स्तंभ है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव मात्र की समानता का संदेश दिया तथा प्रेम, सेवा और भाईचारे पर आधारित समाज की कल्पना प्रस्तुत की। उनके विचार आज के भारत में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संत समाज से प्रेरणा लेते हैं। देश की संत परंपरा और समाज को नई दिशा देने में अपने जीवन को समर्पित करने वाले महापुरुषों से हम प्रेरणा लेते रहे इसीलिए इस तरह के अभियान से हर देशवासी को जोड़ रहे हैं। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी संत परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को नए गौरव के साथ आगे बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का यह स्पष्ट विश्वास है कि “विरासत पर गर्व और विकास के प्रति संकल्प” विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी के आदर्श ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं का आह्वान किया कि वे संत गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर सामाजिक समरसता, सेवा, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी पावन यात्राएं केवल आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि समाज को जोड़ने, भारतीय संस्कृति को सशक्त बनाने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी महान संत परंपरा से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी हैं। 

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री राजीव सहजल, सुरेश भारद्वाज, विधायक दीपराज कपूर, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, संजय सूद, कर्ण नंदा, संजीव दृष्टा, संजीव चौहान, राजीव पंडित, गौरव कश्यप, राज पाल, बिट्टू पन्ना, रजनी सिंह, जगजीत बग्गा, सुशील चौहान, पूर्ण चंद, प्रीतपाल सिंह, सुमित शर्मा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ