Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़

चार नगर निगमों व छह नगर पंचायतों के लिए सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। मंडी नगर निगम में सुबह ही मतदाताओं में काफी उत्‍साह देखने को मिला। सुबह ही लोग वोट डालने के लिए घरों से निकले व पोलिंग बूथ में भीड़ जुटने लगी। अन्‍य नगर निगम की बात करें तो धर्मशाला में सुबह आठ बजे से कम हलचल दिखी। मतदाता घर से निकले लेक‍िन कम संख्‍या में। हालांकि सुबह नौ बजे तक चारों नगर निगम में मतदान प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी।इसके अलावा मंडी जिले के धर्मपुर और शिमला जिले के टूटू व चौपाल ब्लॉक की पंचायतों में भी लोग प्रतिनिधि चुनेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतों की गणना और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, मंडी व सोलन व छह नगर पंचायतों में चिडग़ांव, नेरवा, आनी व निरमंड , कंडाघाट व अम्ब के लिए मतदान ईवीएम से होगा।

शिमला जिले के चौपाल की 48 पंचायतों, टुटू ब्लॉक की 24 पंचायतों और मंडी के धर्मपुर ब्लॉक की 49 पंचायतों के प्रधानों के मतदान बैलेट पेपर से होगा।मतदान को लेकर सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। मतदान केंद्र में बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। थर्मल स्कैनिंग करने के साथ सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था होगी। नगर निगमों की 64 सीटों के लिए 279 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस ने सभी वार्ड से प्रत्याशियों को उतारा है। माकपा ने सिर्फ मंडी में दो प्रत्याशी व आम आदमी पार्टी ने 43 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। नगर निगम में 106 निर्दलीय  मैदान में हैं। नगर निगमों में पहली बार पार्टी चिन्ह पर चुनाव करवाए जाएंगे।राज्‍य चुनाव आयोग के निर्वाचन अधिकारी संजीव महाजन का कहना है चार बजे के बाद कोरोना पॉजिटिव भी मतदान कर सकेंगे। मतदान के बाद वोटों की गणना की जाएगी।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *