Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़ 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पंजाब के वेतन आयोग को ही हिमाचल प्रदेश में फॉलो किया जाता रहा है। पंजाब में एक जुलाई से छठे वेतन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से हिमाचल में भी उस दिशा में विचार-विमर्श किया जा रहा है कि कब-कब क्या-क्या लागू किया जाना है। स्कूलों को खोलने पर अगली कैबिनेट बैठक में ही मंत्रणा होगी। शनिवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कोविड के मामलों में पिछले दिनों से लगातार गिरावट हो रही है। प्रदेश में शादी समारोह करने पर रोक नहीं है, पर भीड़भाड़ को ज्यादा इकट्ठा करना सही नहीं है।सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि इस वक्त कोरोना की तीसरी लहर के आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। अगर तीसरी लहर आ भी जाती है तो मजबूती के साथ इस लहर का सामना होगा। अभी लोगों को लंबे समय तक घर में ही रोके रखना सही नहीं है। धीरे-धीरे चीजों को खोला जाएगा। एसओपी का पालन किया जाएगा।सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि मिल्खा सिंह खेल जगत में बड़ा नाम था। उनकी दुखद मृत्यु स्वाभाविक रूप से पीड़ा देती है। उनका नाम खेल जगत में अमर रहेगा। उनके देहांत से स्वाभाविक रूप से देश को बहुत बड़ी क्षति हुई है।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ