रिकांगपिओ,हिमशिखा न्यूज़।20/11/2021
मुख्यमंत्री ने रिकांगपिओ 77 करोड़ रुपये की 31 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए
जनजातीय नृत्य एवं क्राफ्ट मेला व स्वर्गीय ठाकुर सेन नेगी संग्रहालय का शुभारम्भ किया। दो अग्निशमन वाटर टेंडर वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
सीएचसी भाबानगर को नागरिक अस्पताल स्तरोन्नत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज किन्नौर जिला के अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान रिकांपिओ में 77 करोड़ रुपये लागत की 31 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किये।
इसके उपरान्त पांच दिवसीय जनजातीय नृत्य व क्राफ्ट मेला के शुभारम्भ अवसर पर उपस्थित लोगों का संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष को पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम जयंती वर्ष के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बड़े समारोह को आयोजित करने के लिए 30 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी जनजातीय हथकरघा एवं हेंडलूम बुनकरों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला अपनी समृद्ध संस्कृति एवं परम्पराओं के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि आज हमें प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परम्पराओं को सहेजने एवं संरक्षित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला बागवानी, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरन्तर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने कोविड-19 टीकाकरण की पहली खुराक प्रदान करने में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है तथा किन्नौर जिला इसमें अग्रणी बनकर उभरा है और यह कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी खुराक प्रदान करने में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने वाला देश का प्रथम जिला बना है।
।