Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़ 13/12/2021

बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार की अनुदान योजना को मिली सराहना
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की पूरे देश में सराहना की जा रही है। हाल ही में एक गैर सरकारी संस्था स्काॅच ग्रुप द्वारा राज्य में गौसेवा के कार्य को सराहा गया है।
उन्होंने बताया कि यह संस्था सरकारी विभागों या संस्थाओं द्वारा जनसेवा में किये जा रहे अभिनव कार्यों के लिए उन्हें पुरस्कृत करती है।
इस संस्था द्वारा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा बेसहारा गौवंश के संरक्षण के उद्देश्य से आरंभ अनुदान योजना को मेरिट पर आंका है। इस योजना के अंतर्गत राज्य गौसेवा आयोग के माध्यम से बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए पांच सौ रुपये प्रति गौवंश प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योजना से अन्य राज्य भी प्रभावित हुए हैं व इसे अपनाने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कृषि विभाग के प्रयासों से गौ सेवा आयोग का गठन कर बेसहारा गौवंश के लिए बेहतरीन कार्य किया है।
वहीं, स्काॅच ग्रुप द्वारा इस योजना के मेरिट में आंके जाने पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य पालन व पशुपालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने गौसेवा आयोग के सभी सदस्यों, पशुपालन विभाग के अधिकारियों व राज्य की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेसहारा गौवंश के लिए विभिन्न गौशाला व गौसदनों के साथ-साथ बड़े गौ अभयारण्य स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश की सड़कों को बेसहारा गौवंश मुक्त कर दिया जाएगा।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *