Spread the love

देहरा,हिमशिखा न्यूज़ 15/01/2022

उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने बठरा में सुनी जन समस्याएं
प्रदेश का एक समान और संतुलित विकास जयराम की प्राथमिकता-बिक्रम ठाकुर

हिमाचल प्रदेश के उद्योग ,परिवहन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में समूचे हिमाचल का एक समान तथा संतुलित विकास हो रहा है । मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश के अंदर कॉमन मैन की तरह कार्य कर रहे हैं । उन्होंने शनिवार को बठरा पंचायत में 6 नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि बे अपनी-अपनी पंचायतों में 31 मार्च से पूर्व पात्र लोगों के हिम केयर योजना के अंतर्गत हेल्थ कार्ड बनवाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें । उन्होंने मनरेगा कामगारों के 90 दिन पूरे होने पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे कामगारों का पंजीकरण होने के उपरांत उन्हें बेटी की शादी पर ₹51000 जबकि स्कूल और कॉलेजों में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को भी विभाग सहायता राशि उपलब्ध करवाता है । उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही उज्जवला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के अंदर जो परिवार उज्जवला योजना से छूट चुके थे , उन्हें जयराम सरकार ने हिमाचल गृहणी सुविधा योजना के अंतर्गत निशुल्क गैस कुनैक्शन और चूल्हे उपलब्ध करवाए हैं । प्रदेश सरकार द्वारा 65 वर्ष पूर्ण होने पर महिलाओं को बिना किसी आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिए जाने का प्रावधान किया गया है । उन्होंने सहारा योजना ,मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा ऐसी योजनाएं शुरू की गई हैं जिनका अधिकांश परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है। विक्रम ठाकुर ने कहा कि आरा चौक से जौड़वड वया अपर बठर सड़क मार्ग के निर्माण हेतु केंद्रीय मार्ग निधि से 8 करोड रुपए की मंजूरी मिली है जिसका कार्य शीघ्र ही आरंभ किया जाएगा । उन्होंने ग्राम पंचायत बठरा के विभिन्न वार्डों में जन समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया । इस अवसर पर बठरा पंचायत प्रधान सुनीता देवी, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अनीता सपेहिया ,मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा सहित स्थानीय पंचायत के समस्त पंचायत पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *