सुजानपुर,हिमशिखा न्यूज़ 14/03/2022
सुजानपुर कालेज जाते समय बीते शनिवार को हुए युवती के अपहरण केस में सच्चाई का खुलासा खुद छात्रा ने किया है। छात्रा ने बताया कि शनिवार सुबह जैसे ही वह 9:30 बजे अपने घर से मुख्य सड़क पर पहुंचकर बस में बैठी और सुजानपुर कालेज के पास बस से उतर गई। कालेज की तरफ जाने लगी, लेकिन उस समय एक युवक जो निकटवर्ती क्षेत्र का ही रहने वाला है उसे बाजू से पकड़ता हुआ जबरन कालेज गेट के बाहर खड़ी सफेद रंग की गाड़ी में बैठाने लग पड़ा। खुद भी गाड़ी के पीछे वाली सीट पर मेरे साथ बैठ गया। गाड़ी के आगे दो अन्य युवक बैठे थे। जैसे ही तीसरे युवक ने उसे गाड़ी में बैठाया, तो ड्राइवर सीट पर बैठे युवक ने गाड़ी भगाना शुरू कर दी। महाविद्यालय से कुछ दूरी पर विश्रामगृह के पास पीछे बैठे युवक ने मेरे साथ हाथापाई करने शुरू कर दी मुझे मारा और मेरे हाथ से मेरा मोबाइल फोन छीन लिया। देखते-देखते मेरे फोन के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। युवती ने बताया कि मेरे साथ इस तरह की हरकत होता देख गाड़ी चलाने वाले युवक ने युवक को ऐसा करने से रोका, लेकिन वह नहीं माना तथा लगातार उसे थप्पड़ मारता रहा।
बीच बचाव करते हुए उसने भी युवक को मारना शुरू किया और जैसे ही मौका मिला गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर निकल गई। उसने बताया वह भागती हुई मुख्य सड़क पर एक दुकान के भीतर चली गई। उसे दुकानदार ने अपनी दुकान में बिठाया एवं पानी पिलाने के बाद सारी घटना पूछी। इसके उपरांत लड़की के कहने पर उसके परिजनों को फोन पर सूचित किया। दुकानदार की बात सुनकर परिजन एकदम से घबराते हुए अन्य साथियों को लेकर दुकान पर पहुंचे। इसके बाद सुजानपुर पुलिस में उन्होंने संपर्क किया एवं लड़की ने आपबीती थाना में दर्ज करवाई। सुजानपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी युवक पकड़े गए, जो वर्तमान में सलाखों के पीछे हैं।