उना,हिमशिखा न्यूज़ 24/04/2022
पंचायती राज देश की धरोहर: वीरेंद्र कंवर
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सभागार ऊना में बोले ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री
——
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम जिला परिषद सभागार ऊना में मनाया गया, जिसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बतौर मुख्यतिथि शिरक्त की। अपने संबोधन में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि 24 अप्रैल को प्रति वर्ष यह दिन मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन संविधान में 73वें संशोधन के माध्यम से पंचायती राज व्यवस्था अस्तित्व में आई थी और पंचायतों को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ था। पंचायती राज दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं हमारे देश में ग्रामीण स्थानीय स्वशासन की प्रणाली है, जिसका अर्थ है निर्वाचित निकायों को स्थानीय मामलों के प्रबंधन का अधिकार प्राप्त है।
कंवर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को न्यायिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय शक्तियां प्रदान की गई हैं, जो पंचायतों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी हैं। पंचायतों को इन शक्तियों का प्रयोग समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को समर्थ बनाने के लिए करना चाहिए, तभी पंचायती राज संस्थाओं के गठन का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतें बीपीएल श्रेणी में सही व पात्र परिवारों का चयन करें। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि प्रदेश की बहुत सी पंचायतें अच्छा काम कर रही हैं, जिनका अनुसरण अन्य सभी पंचायतों को करना चाहिए।