नालागढ़ उपमंडल के निहला खेड़ा गांव में एक पशुशाला में लगी आग से करीब 1.50 लाख का नुकसान हो गया है। इस आगजनी मे दो गाय व एक कटड़ी की जलकर मौत हो गई। बताया जाता है कि इनमें से एक गाय गर्भवती थी। इसके अलावा आग से पशुशाला और वहां रखा सारा सामान राख हो गया। पुलिस द्वारा पशु चिकित्सक को सूचित किया गया और उन्होने मौके पर पहुंच कर मृतक पशुओं का पोस्टमार्टम किया। अज्ञात कारणों से लगी आग पर फायर बिग्रेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया और पशुशाला के साथ लगती आसपास की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार फायर बिग्रेड नालागढ़ को महेन्द्र सिंह ने सूचना दी कि निहला खेड़ा गांव में गुरमीत सिंह के घर के पास बनी पशुशाला में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर बिग्रेड के सब फायर ऑििफसर जयपाल, लीडिंग फायरमैन रामपाल, फायरमैन रफीक, टेक सिंह, चालक किशन चंद आदि दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया और साथ लगती संपत्ति को आग लगने से बचा लिया गया, जिसकी कीमत करीब 5 लाख आंकी गई है। इस आगजनी में जहां तीन मवेशियों की झुलसने से मौत हो गई है वहीं पशुशाला सहित चारा जलकर राख हो गया है। फायर बिग्रेड नालागढ़ के सब फायर ऑफिसर जयपाल ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड नालागढ़ की टीम मौके पर पहुंची और करीब पौने घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अज्ञात कारणों से लगी आग से 1.50 लाख का नुकसान, जबकि 5 लाख की संपत्ति जलने से बचा ली गई है। उन्होने कहा कि आगजनी में दो गाय व एक कटड़ी की मौत हो गई है। वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डा. बीबी करकरा ने कहा कि इस आगजनी मे दो गाय जिनमें एक गर्भवती व एक कटड़ी की मौत हो गई। उन्होने कहा कि मृतक पशुओ का पोस्टमार्टम कर लिया गया है।