चंडीगढ़,हिमशिखा न्यूज़ 12/05/2022
पंजाब में राजनेताओं को मिली हुई सुरक्षा में भगवंत मान सरकार द्वारा लगातार कटौती की जा रही है। इसी कड़ी में अब सरकार ने आठ नेताओं की VIP सुरक्षा में कटौती के आदेश जारी किए। इससे पहले सरकार दो बार VIP की सुरक्षा में कटौती कर चुकी है। इसके तहत अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ और पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी समेत आठ नेताओं की सुरक्षा घटाते हुए 129 पुलिसकर्मियों और 9 पायलट वाहनों को वापस बुला लिया गया है ।जानकारी के मुताबिक इस बार VIP की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद सरकार ने सबसे अधिक 28 सुरक्षाकर्मी पूर्व CM राजिंदर कौर भट्ठल से वापस लिए हैं। इसके अलावा उनकी सुरक्षा में तैनात तीन वाहन भी वापस ले लिए गए हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी की सुरक्षा में तैनात 37 गनमैन में से 19 को वापस बुला लिया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री होने के नाते उनकी सुरक्षा में 18 गनमैन तैनात रखे जाएंगे, हालांकि उन्हें दी गई Z श्रेणी सुरक्षा को समाप्त कर दिया गया है