शिमला,हिमशिखा न्यूज़ 25/06/2022
रिज पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाएगी कांग्रेस, पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती पर नेता प्रतिपक्ष का ऐलान
वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देते कांग्रेस पदाधिकारी,पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती पर नेता प्रतिपक्ष का ऐलान
सत्ता में आते ही की जाएगी मूर्ति की स्थापना
शिमला में राज्यस्तरीय समारोह, भावुक हुईं प्रतिभा
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की आदमकद प्रतिमा को रिज मैदान पर स्थापित किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह पहला अवसर है, जब स्व. वीरभद्र सिंह के इस दिन को उनके बगैर मना रहे हं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दो ही ऐसे महान नेता हुए जिन्हें प्रदेश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा, एक वाईएस परमार व दूसरे वीरभद्र सिंह। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह अन्य नेताओं के भाषण के दौरान भावुक हो गई। इस दौरान वह अपना भाषण भी नहीं दे सकी। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की जयंती पर गुरुवार को प्रदेशभर में उन्हें याद किया। प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों और ब्लॉकों में भारी संख्या में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों ने अपनी नम आंखों से वीरभद्र सिंह के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान प्रदेशभर में कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों ने अस्पतालों में जाकर रोगियों को फल वितरित किए। इसके अतिरिक्त उनके सम्मान में प्रदेशभर में जगह-जगह रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया गया। प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन वविधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज का दिन स्वर्णिम दिवस है।
राहुल गांधी ने किए याद
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं। राहुल गांधी ने अपने फेसबुक पेज पर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के हिमाचल विकास में दिए गए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।