Spread the love

शिमला,हिमशिखा न्यूज़ 12/09/2022

टीबी मुक्त हिमाचल अभियान आज से, स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर करेंगी जांच

स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर करेंगी जांच, कवर होगी प्रदेश की 73 लाख आबादी

हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सोमवार से प्रदेश में टीबी मुक्त हिमाचल अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 12 सितंबर से दो अक्तूबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। 20 दिनों के अंदर प्रदेश की 73 हजार आबादी को कवर किया जाएगा। टीबी की जांच के दौरान अगर किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण पाए जाते हैं, तो घर पर ही उनका इलाज भी शुरू कर दिया जाएगा। भारत सरकार ने देश को जहां 2025 तक टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा है, तो वहीं हिमाचल सरकार ने दिसंबर, 2025 तक प्रदेश को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने टीबी मुक्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग की अपील की है। इस सर्वेक्षण में बाहरी राज्यों से आए खासकर नेपाली मजदूरों और धूल-मिट्टी क्रशर पर काम करने वाले मजदूरों को टीबी लक्षणों के लिए जांचा जाएगा। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को मरीज को जांचने के लिए कुछ महत्त्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।
यदि किसी मरीज में एक सप्ताह से अधिक खांसी की शिकायत हो, उसका वजन कम हो रहा है, भूख नहीं लग रही है अथवा बुखार आ रहा है, तो ऐसी स्थिति में उनके बलगम का सैंपल लेकर स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाना है। 21 दिवसीय सघन मरीज खोज अभियान के तहत पूरे प्रदेश की 73 लाख आबादी को कवर किया जाएगा। इसमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य असाध्य रोगी जो लगातार कोई दवा खा रहे हों, उनकी रोग प्रतिरोधक शक्ति कमजोर होने के चलते बलगम की जांच के लिए आशा कार्यकर्ता द्वारा नमूने लेकर जांच की जाएगी। इस दौरान संबंधित व्यक्ति में अगर क्षयरोग पाया जाता है, तो उसे घर-द्वार पर ही दवा देकर उपचार किया जाएगा।
प्रदेश में 2023 तक टीबी उन्मूलन का लक्ष्य
भारत सरकार ने जहां वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा हैं। वहीं हिमाचल सरकार भारत सरकार के लक्ष्य से पहले पहले प्रदेश से टीबी को खत्म करना चाहती है। हिमाचल सरकार ने दिसंबर 2023 तक प्रदेश को टीबी मुक्त करने का अभियान शुरू किया हैं। इसी कड़ी में सोमवार से प्रदेश में टीबी उन्मूलन अभियान चलाया हैं।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *