शिमला, हिमशिखा न्यूज़।18/09/2022
सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन कर कमलों द्वारा 75वें समागम सेवा का शुभारंभ
16 से 20 नवंबर को होने वाले 75वें वार्षिक निरंकारी संत समागम के शुभारंभ पर सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन कर कमलों द्वारा समागम सेवा का उद्घाटन संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा में किया गया। इस अवसर पर संत निरंकारी मण्डल कार्यकारिणी समिति के सदस्य, केन्द्रीय योजना एवं सलाहकार बोर्ड के सदस्य, सेवादल के अधिकारी, स्वयं सेवक तथा दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों के अतिरिक्त अन्य राज्यों से बड़ी संख्या मे सभी श्रद्धालु भक्त सम्मिलित हुए।संपूर्ण निरंकारी जगत एवं प्रभु प्रेमी जनों को सम्बोधित करते हुए सत्गुरू माता सुदीक्षा जी ने कहा कि सेवा की
भावना पूर्ण समर्पण वाली होनी चाहिए। सेवा भाव हुक्म अनुसार एवं मन को पूर्णतः समर्पित करके की जाती है तभी वह सार्थक कहलाती है। सेवा केवल कार्य रूप में नहीं अपितु उसमें जब सेवा का भाव आ जाता है तब उसकी खुशबू चमकदार हो जाती है। सेवा को सदैव चेतना से ही करना चाहिए और यह ध्यान में रखते हुए कि कभी हमारे कर्म, हमारे व्यवहार से जाने अनजाने मे भी किसी का तिरस्कार न हो। सभी का सत्कार ही करना है क्योंकि सभी संतों में इस निरंकार का ही वास है। इसी भक्ति भाव से सेवा को स्वीकार करे और मन से सिमरन करते हुए अपनी सेवाओं का योगदान देते चले जाये।
इस समागम की प्रतीक्षा प्रत्येक श्रद्धालु भक्त पल के बिछाए हुए हर्षोल्लास के साथ कर रहे है। सतगुरु माताजी की पावन अध्यक्षता में होने वाले इस दिव्य संत समागम का भरपूर आनंद प्राप्त करने हेतु देश एवं विदेशों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु एवं प्रभु प्रेमी जन सम्मिलित होंगे। समागम स्थल पर प्रतिदिन अनेक महात्मा, सेवादल के भाई-बहन और भक्त जन अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। समागम में सम्मिलित होने वाले सभी श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुख सुविधाएं प्रदान करने हेतु शामियानों की एक सुंदर नगरी स्थापित की जायेगी जिसमें भक्तों के ठहरने, जलपान एवं उनकी मूलभूत सुविधाओं का उचित प्रबंधन प्रशासन एवं अधिकारियों के सहयोग द्वारा किया जा रहा है। समागम स्थल पर विभिन्न प्रबंधन कार्यालय, प्रकाशन स्टाल, प्रदर्शनी, लंगर, कैंटीन एवं डिस्पेंसरी की सुविधाएं उचित रूप से उपलब्ध करवायी जायेंगी।यातायात प्रबंधन के अंतर्गत इस वर्ष भी रेलवे स्टेशन, बस अड्डे एवं हवाई अड्डे से समागम में पहुंचने वाले सभी श्रद्धालु एवं प्रभु प्रेमियों को लाने एवं ले जाने की उचित व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही अन्य वाहनों के लिए पार्किंग क्षेत्रों की भी व्यवस्था की जा रही है।अनेकता में एकता का अनुपम दृश्य प्रदर्शित करने वाला यह दिव्य संत समागम हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी भक्तों के लिए प्रेरणादायी एवं आनंद दायक होगा।