Spread the love

हिमाचल प्रदेश में इस सप्ताहांत से मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अक्टूबर से राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसकी वजह से 9 अक्टूबर तक कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर चलता रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा अक्टूबर के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि 6 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

7 अक्टूबर को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 4 और 7 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 5 और 6 अक्टूबर को अधिकांश जगहों पर जोरदार बारिश होगी।

कहां-कहां रहेगा अलर्ट?

  • 5 अक्टूबर: ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी। साथ ही ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में ओलावृष्टि की संभावना (ऑरेंज अलर्ट)।
  • 6 अक्टूबर: चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में भारी से बहुत भारी बारिश-बर्फबारी (ऑरेंज अलर्ट)। शिमला, सिरमौर और किन्नौर में भारी बारिश-बर्फबारी (येलो अलर्ट)। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में ओलावृष्टि की आशंका (येलो अलर्ट)।
  • 7 अक्टूबर: सोलन, सिरमौर और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट।

फिलहाल का हाल
राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरने लगा है और सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला में शुक्रवार को बादलों और धूप का मिश्रित असर देखने को मिला, जबकि मैदानों में मौसम साफ रहा। गुरुवार रात हमीरपुर सहित कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे इन अलर्ट के दौरान सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *