Spread the love

खुदाई में निकले पत्थरों से कमाई, मुख्यमंत्री की सोच
कहा, बेचने नहीं तो निर्माण में ही दब जाते एक करोड़ से अधिक के पत्थर
धर्मशाला

कांग्रेस नेता पुनीत मल्ली ने कहा कि प्रदेश सरकार का राजस्व जुटाने पर फोकस है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सोच से ढगवार में बन रहे मिल्क प्लांट की खुदाई से निकले पत्थरों की नीलामी करके एक करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया गया है। शुक्रवार को जारी प्रेस बयान में कांग्रेस नेता पुनीत मल्ली ने कहा कि यदि इन पत्थरों की नीलामी नहीं की जाती तो यह पत्थर यूं ही निर्माण में दब जाने थे। सीएम की पारखी नजरों ने मिल्क प्लांट के शिलान्यास के दौरान पत्थरों का अवलोकन किया था तथा प्रशासन को इन पत्थरों की नीलामी के आदेश जारी किए थे। पुनीत मल्ली ने कहा कि केंद्र की ओर से प्रदेश को किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं दी जा रही है। सरकार अपने स्तर पर प्रदेश के संसाधनों से राजस्व एकत्रित करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि ढग्वार मिल्क प्लांट की खुदाई में निकले करीब 70 हजार टन पत्थरों से भी सरकार ने कमाई करके सरकारी खजाने में डाला है। सही मायने में यही व्यवस्था परिवर्तन है, जिसकी बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू संभालने के बाद से करते आ रहे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश व जनहित में कई अहम निर्णय लिए हैं, जो कि इससे पहले कभी नहीं लिए गए। मल्ली ने कहा कि बिना केंद्रीय सहायता के मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास की गति को रफ्तार देने में जुटे हुए हैं, जो अपने आप में व्यवस्था परिवर्तन का साक्षात प्रमाण है।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *