Spread the love

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर दी प्रतिक्रिया

हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प पर आखिरकार दिल्ली वासियों ने भी अपने मोहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत केंद्र की मोदी सरकार की लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जब से देश की बागडोर मोदी जी ने संभाली है, तब से देश विकास की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने काफी समय तक राज किया, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार के अलावा जनता को कुछ नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि आखिरकार दिल्ली की जनता ने भी केजरीवाल को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकारें बनी हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार अपना संकल्प धरातल पर उतारा है, उससे आम जनमानस काफी प्रभावित हुआ है। जहां विकास की गति बढ़ी है, वहीं विश्व पटल पर भी भारत को एक नई पहचान मिली है।


धूमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब-जब भाजपा की सरकार सत्ता में आई है, प्रदेश के विकास को नए पंख लगे हैं।उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में प्रदेश वासियों ने कांग्रेस को सत्ता में आने का मौका जरूर दिया, लेकिन प्रदेश कांग्रेस सरकार जनता के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि आए दिन पैसा ना होने का रोना कांग्रेस सरकार के नेता रोते रहते हैं, जबकि फिजूलखर्ची की बात आती है तो अपने चहेतों को उच्च पदों पर बिठाने से कोई परहेज नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां सदैव जनता विरोधी रही हैं एवं उन्हें आम जनमानस से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस प्रकार भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है, उससे आम आदमी पार्टी को तो झटका लगा ही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी की तो लुटिया ही डूब गई है।उन्होंने कहा कि स्वयं को देश की सबसे बड़ी पार्टी बताने वाली कांग्रेस की देश की राजधानी में एक भी सीट नहीं आई है, जोकि जनता में कांग्रेस की छवि को दर्शाता है।


पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और नए आयाम स्थापित करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में जहां देश आर्थिक तौर पर सुदृढ़ हुआ है, वहीं आम जनमानस से जुड़े मुद्दों को भी केंद्र सरकार ने समय-समय पर सुलझाया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने से अब राजधानी में रुके हुए विकास को नई गति मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनहितैषी नीतियों को धरातल पर उतारने में जो परेशानियां दिल्ली में आती थीं, वह अब नहीं रहेंगी। धूमल ने कहा कि दिल्ली वासियों ने मोदी जी पर अपना विश्वास जताया है एवं अब प्रधानमंत्री जी और दिल्ली भाजपा सरकार दिल्ली वासियों की उम्मीदों पर कार्य करेंगे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *