Spread the love

नई दिल्ली-18 फरवरी

1988 बैच के IAS अधिकारी ज्ञानेश कुमार भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे।आज वे नए मुख्य चुनाव आयुक्त का पद संभालेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद ज्ञानेश कुमार को भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के रूप में नियुक्त किया गया। इस चयन समिति में पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे।

बता दें कि ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के IAS अधिकारी हैं और वे केरल कैडर से आते हैं। वे 31 जनवरी 2024 को सेवा से रिटायर हुए थे, और अब वे सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त के रूप में मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर नियुक्त किए गए हैं। इससे पहले, राजीव कुमार, जो वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, 18 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ज्ञानेश कुमार उनके बाद सबसे वरिष्ठ थे, इसलिए उनकी नियुक्ति पहले से ही लगभग तय था। ज्ञानेश कुमार ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्रालय में सचिव के रूप में काम किया, और साथ ही केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय में भी वे सचिव रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने गृह मंत्रालय में रहते हुए राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी। जब आर्टिकल 370 को हटाया गया, तब वे जम्मू-कश्मीर डेस्क के इंचार्ज थे।

By HIMSHIKHA NEWS

हिमशिखा न्यूज़  सच्च के साथ